राकेश चतुर्वेदी, भोपाल। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के लालबर्रा क्षेत्र में आयोजित एक जन संवाद कार्यक्रम के दौरान उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब मंच और बैठने की व्यवस्था को लेकर भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। विवाद इतना बढ़ा कि अधिकारियों और पुलिस बल को बीच-बचाव कर स्थिति को संभालना पड़ा। इस पूरी झड़प का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बैठने की जगह को लेकर विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत दिवस 09 अक्टूबर को लालबर्रा के बकोडा गांव में जनता की समस्याएं सुनने और उनके समाधान के लिए एक ‘जन संवाद कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ता कथित तौर पर विधायक के बैठने के लिए निर्धारित आरक्षित स्थान या पास की जगह पर बैठ गए, जिसे लेकर दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच पहले तीखी बहस शुरू हुई। इसके बाद अन्य राजनीतिक मुद्दों और स्थानीय बातों को लेकर भी तनातनी और बढ़ गई।
विधायक अनुभा मुंजारे के आरोप
देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और दोनों पक्षों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। बढ़ते हंगामे को देख मौके पर मौजूद पुलिस बल ने तुरंत हस्तक्षेप किया और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर अलग किया, तब जाकर मामला शांत हुआ। घटना के संबंध में बालाघाट विधायक अनुभा मुंजारे ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए प्रशासनिक व्यवस्था और विरोधी दल के कार्यकर्ताओं पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बकोडा गांव के इस जन संवाद कार्यक्रम में हुई इस अनुशासनहीनता और हंगामे का वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है, जिससे स्थानीय राजनीतिक गलियारों में गरमागरम बहस छिड़ गई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

