पुन्हाना : हरियाणा में 2029 विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अभी से संगठन को सक्रिय करने की कवायद शुरू कर दी है। पुन्हाना विधानसभा क्षेत्र के गांव पिनगवां से कांग्रेस ने ब्लॉक स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलनों की शुरुआत की। कार्यक्रम में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के साथ प्रदेश प्रभारी संजय दत्त भी पहुंचे। खास बात यह रही कि यह कार्यक्रम कांग्रेस के सस्पेंड विधायक इलियास मोहम्मद के प्रभाव वाले क्षेत्र में हुआ।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि कांग्रेस किसी के दम की मोहताज नहीं है। पार्टी अपने दम पर हरियाणा में फिर से अपना वर्चस्व स्थापित करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2029 के विधानसभा चुनाव में 70 सीटें जीतकर सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ काम करने का आह्वान किया।
संजय दत्त ने कहा कि कार्यकर्ताओं को अभी से संगठन को मजबूत करने और बूथ स्तर तक पार्टी की पकड़ मजबूत करने की दिशा में काम करना होगा। उन्होंने दावा किया कि 2029 के चुनाव में कांग्रेस 70 सीटें जीतकर हरियाणा में सरकार बनाएगी।
इलियास मोहम्मद के गढ़ में कार्यक्रम के सियासी मायने
इस कार्यक्रम की जगह को लेकर भी सियासी चर्चा शुरू हो गई है। कांग्रेस ने अपने ब्लॉक स्तरीय सम्मेलन की शुरुआत ऐसे विधानसभा क्षेत्र से की, जहां पार्टी के सस्पेंड विधायक इलियास मोहम्मद का मजबूत राजनीतिक प्रभाव माना जाता है। ऐसे में संजय दत्त का यहां पहुंचकर कार्यकर्ताओं के बीच 70 सीटों का लक्ष्य रखना महज संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक राजनीतिक संदेश के तौर पर भी देखा जा रहा है।
पार्टी प्रभारी के बयान से संकेत देने की कोशिश नजर आती है कि कांग्रेस किसी एक नेता या चेहरे के सहारे नहीं, बल्कि संगठन और कार्यकर्ताओं की ताकत के दम पर आगामी चुनाव की तैयारी करेगी। साथ ही, सस्पेंड विधायक के गढ़ में पार्टी नेतृत्व की सक्रिय मौजूदगी से यह संदेश भी देने की कोशिश मानी जा रही है कि कांग्रेस का संगठन स्थानीय स्तर पर अपनी पकड़ बनाए रखने और उसे मजबूत करने के लिए पूरी तरह सक्रिय है।
अब देखना होगा कि पिनगवां से शुरू हुआ कांग्रेस का यह ब्लॉक स्तरीय सम्मेलन अभियान आने वाले दिनों में हरियाणा की राजनीति में कितना असर पैदा करता है और 70 सीटों का लक्ष्य पार्टी के कार्यकर्ताओं को जमीन पर कितना सक्रिय कर पाता है
- एकलव्य खेल परिसर में आदिवासी खिलाड़ियों को नहीं मिल रही जरूरी सुविधाएं? डाइट, खेल सामग्री और बुनियादी जरूरतों की कमी को लेकर की शिकायत, कलेक्टर बोले- कराएंगे जांच
- 2027 की चुनावी तैयारी शुरू? सोनभद्र में अनुप्रिया पटेल ने कार्यकर्ताओं में को दिया मंत्र, अलीगढ़ में ASP ने बनाई खास रणनीति
- बोरे में किडनैपिंग की कहानी निकली झूठी: भाई के साथ विवाद में समझौता के लिए रची थी साजिश, पुलिस जांच में हुआ खुलासा
- MP Police Transfer: पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, 137 से ज्यादा अफसरों का तबादला, IPS समेत कई अधिकारी हुए इधर से उधर
- Women’s Asia Cup 2026 Final: भारत ने श्रीलंका से पिछली हार का बदला किया पूरा, फाइनल में 72 रन से रौंदा, 8वीं बार जीता खिताब



