सोनू वर्मा , नूंह। नूंह जिले में पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष वाहन चेकिंग अभियान के तहत पुन्हाना शहर थाना पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है।

20 मई को नाका ड्यूटी के दौरान पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार को रोककर पूछताछ व जांच की गई। जांच में उसकी पहचान आजाद पुत्र जफरू, निवासी तिरवाड़ा (थाना बिछौर, जिला नूंह) के रूप में हुई।

तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक चोरी की अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस रिकॉर्ड की जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पहले से ही चोरी सहित विभिन्न मामलों में कुल आठ मुकदमे अलग-अलग थानों में दर्ज हैं।

पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराध और वाहन चोरी पर रोक लगाने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे तथा अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।