अमृतसर: पंजाब पुलिस लगातार अपराधिक तत्व में लगाम लगाने की कोशिश कर रहे हैं. इस कड़ी में पंजाब पुलिस ने 3 गैंग के 11 लोगों को गिरफ्तार किया है. अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने गैर-कानूनी हथियार और ड्रग्स सप्लाई करने वाले 3 गैंग का भंडाफोड़ करते हुए 11 को गिरफ्तार किया है. इस दौरान गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस ने बड़ी मात्रा में हथियार जप्त किए हैं.

पंजाब के DGP गौरव यादव ने यह जानकारी सोशल मीडिया में शेयर की है. DGP ने कहा कि शुरुआती जांच से पता चला है कि आरोपी विदेशों में बैठ गैंगस्टरों के संपर्क में थे, ये लोग ड्रोन के जरिए अवैध हथियार और नशीले पदार्थ मंगवाते थे, जिन्हें बाद में अपराधियों के बीच बांटा जाता था. आरोपियों के पास से 12 गैर-कानूनी पिस्टल, 2 हैंड ग्रेनेड, 310.10 ग्राम हेरोइन और 33 जिंदा कारतूस बरामद किए गए है.

DGP ने कहा कि पुलिस ने इन आरोपियों के खिलाफ रंजीत एवेन्यू पुलिस स्टेशन, छेहरटा पुलिस स्टेशन और सुल्तानविंड पुलिस स्टेशन, अमृतसर में 3 अलग-अलग FIR दर्ज की हैं. आरोपी नेटवर्क के पुराने और आने वाले लिंक का पता लगाने, दूसरे साथियों की पहचान करने और इस पूरे गैर-कानूनी नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए पुलिस आगे की जांच कर रही है.