चंडीगढ़: पंजाब कांग्रेस में कई महीनों से जारी गुटबाजी के बीच प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने बुधवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस आलाकमान ने वडिंग को पद से हटाने के अपने फैसले की जानकारी दी थी, जिसके बाद वडिंग ने खुद ही इस्तीफ़ा दे दिया. सूत्रों की मानें तो पार्टी हाईकमान ने नए प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर पूर्व मंत्री और सांसद विजय इंदर सिंगला के नाम को मंजूरी दे दी है. हालांकि, अभी इसका आधिकारिक ऐलान होना बाकी है.
राजा वडिंग के इस्तीफा की खबर सामने आने के बाद लगातार कांग्रेस प्रधान को लेकर कई नाम की चर्चा शुरू हो गई है. सोशल मीडिया में दो-तीन नाम को लेकर चर्चा चल रही है. इन सभी के बीच में खबर यह है कि विजय इंदर सिंगला को नए प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी जाएगी. बुधवार देर रात सोशल मीडिया पर उन्हें बधाई देने का सिलसिला शुरू हो गया. सूत्रों के अनुसार, दिल्ली से इस संबंध में आधिकारिक पत्र जल्द जारी किया जा सकता है. सिंगला कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य हैं.
उन्हें एक जुलाई को पार्टी की चुनाव प्रबंधन एवं समन्वय समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था. 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी में संगठन और चुनावी तैयारियों को लेकर उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही है. वहीं इसके अलावा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए विजय इंदर सिंगला के अलावा कई अन्य वरिष्ठ नेताओं के नाम भी चर्चा में रहे हैं. इनमें पूर्व ओलंपियन और जालंधर कैंट के विधायक परगट सिंह, पूर्व विधायक राणा के. पी. सिंह, राजा सांसी के विधायक सुखबिंदर सिंह सरकारिया, पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और गुरदासपुर के सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा शामिल हैं.
- Stock Market Today : बाजार गिरा, लेकिन इस शेयर ने चौंकाया, FII की भारी बिकवाली
- ब्राह्मणों पर टिप्पणी को लेकर फंसे स्वामी रामभद्राचार्य, न्यायालय ने दिया केस दर्ज करने का आदेश
- फेस्टिव सीजन में नई गाड़ी खरीदने की कर रहे हैं तैयारी? बुकिंग से पहले ऐसे परखें शोरूम की सच्चाई
- AIIMS से 260 आउटसोर्स कर्मचारी बर्खास्त, रोजगार बहाली की मांग को लेकर प्रदर्शन, बिना जानकारी नौकरी से हटाने का आरोप
- दिल्ली-NCR में दिवाली पर पटाखों की सीमित अनुमति, सुप्रीम कोर्ट ने खारिज किया पूर्ण बैन

