Punjab Crime News : जालंधर. जालंधर ग्रामीण पुलिस और सीआईए स्टाफ ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. मध्यप्रदेश से भी अब पंजाब में नशा का सामान सप्लाई किया जा रहा है. नकोदर की दाना मंडी में कैंटर की चेकिंग के दौरान 405 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद किया. मामले में अंतर्राज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया गया है.
पुलिस के मुताबिक आरोपी मध्य प्रदेश से कैंटर में डोडा पोस्त लेकर जालंधर पहुंचा था और इसकी सप्लाई नकोदर, शाहकोट और कपूरथला के इलाकों में की जानी थी. एस.एस.पी. जालंधर ग्रामीण हरविंदर सिंह विर्क ने बताया कि सी.आई.ए. स्टाफ के प्रभारी इंस्पैक्टर पुष्प बाली को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर मध्य प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी मात्रा में डोडा पोस्त लाकर जालंधर ग्रामीण के नकोदर, शाहकोट और कपूरथला में सप्लाई कर रहे हैं.
पुलिस टीम नकोदर की दाना मंडी पहुंची तो वहां खुले स्थान पर एक सफेद रंग का कैंटर संदिग्ध हालत में खड़ा दिखाई दिया. कैंटर का चालक वाहन से बाहर खड़ा था और पुलिस को देखकर वहां से भागने का प्रयास करने लगा. पुलिस ने आरोपी को दबोचा और वाहन चेकिंग के दौरान 27 प्लास्टिक के थैले बरामद हुए. हर थैले में 15 किलोग्राम डोडा पोस्त था. इस तरह बरामद नशीले पदार्थ का कुल वजन 405 किलोग्राम निकला.
आरोपी की पहचान श्री मुक्तसर साहिब जिला निवासी वरिंदर सिंह उर्फ काली के रूप में हुई. तस्करी में इस्तेमाल वाहन को जब्त कर लिया गया है. मामले में आरोपी के खिलाफ थाना में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

