बठिंडा. पंजाब में भगवंत मान सरकार के निर्देश में लगातार नशे के कारोबार रोकने के लिए कार्रवाई की जा रही है. इस बीच अलग अलग जगहों और जिलों को टारगेट में रखा गया है. बठिंडा और फाजिल्का पुलिस को इसमें बड़ी सफलता मिली है.

बठिंडा जिला पुलिस की ओर से अलग अलग जगहों से हेरोइन व नशीले कैप्सूलों सहित 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. कैंट रिंग रोड से आरोपी गगनदीप सिंह निवासी बठिंडा को 7 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया. इसी प्रकार कैंट थाना पुलिस ने सूरज कुमार निवासी भुच्चो मंडी को 60 कैप्सूल प्रीगैब्लिन सहित गिरफ्तार किया. इसी तरह सदर बठिंडा पुलिस ने बल्लूआणा से आरोपी सुखप्रीत सिंह निवासी विर्क खुर्द को 45 कैप्सूलों सहित गिरफ्तार किया.भगता भाईका पुलिस ने मलूका से आरोपी हरप्रीत सिंह को 19 नशीली गोलियों सहित गिरफ्तार किया.

इसी प्रकार सिटी रामपुरा पुलिस ने अनाज मंडी से आरोपी गुरतेज सिंह निवासी रामपुरा को 45 कैप्सूल प्रीगैब्लिन सहित गिरफ्तार किया. एक अन्य मामले में कोटफत्ता पुलिस ने भाई बख्तौर के नजदीक आरोपी दीपक कुमार निवासी गहरी देवी नगर को 60 कैप्सूल प्रीगैबलिन सहित गिरफ्तार किया. थाना मौड़ पुलिस ने मानसा कलां से आरोपी पम्मा सिंह को 20 नशीली गोलियों सहित गिरफ्तार किया.

एक अन्य मामले में थाना संगत पुलिस ने नर सिंह कालोनी से आरोपी जसवीर सिंह निवासी फुल्लोमिट्ठी को 60 कैप्सूल प्रीगैबलिन सहित गिरफ्तार किया. इसी प्रकार नंदगढ़ थाना पुलिस ने झुंबा के नजदीक आरोपी सतपाल सिंह निवासी लूलबाई को गिरफ्तार करके उससे 60 कैप्सूल प्रीगैब्लिन के बरामद किए. पुलिस ने आरोपियों पर केस दर्ज कर लिए हैं व अगली कार्रवाई की जा रही है.

फाजिल्का में भी बड़ी कार्रवाही

इसी तरह फाजिल्का में नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सदर थाना पुलिस ने बाधा टी-पॉइंट के पास नाकाबंदी के दौरान एक युवक को 340 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है. फाजिल्का के डीएसपी बीएस रंधावा ने बताया कि पुलिस की ओर से बाधा टी-पॉइंट पर 24 घंटे नाकाबंदी की जा रही है. इसी दौरान शक के आधार पर युवक को काबू किया गया, गिरफ्तार आरोपी की पहचान संदीप सिंह पुत्र राज सिंह, निवासी गांव आतूवाला, थाना लक्खो के बहराम के रूप में हुई है. आरोपी की उम्र करीब 23 वर्ष बताई जा रही है और वह 12वीं पास है. पुलिस अब तीन दिन की रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ कर रही है कि वह 340 ग्राम हेरोइन की खेप कहां से लेकर आया था और इसे आगे कहां सप्लाई किया जाना था.