चंडीगढ़। विदेश जाने की चाह में एक महिला ने कथित तौर पर ऐसा कदम उठाया कि पुलिस तक मामला पहुंच गया। पंजाब के मोगा जिले में एक महिला के तीन अलग-अलग पासपोर्ट बनवाने का मामला सामने आया है। जांच में तीनों पासपोर्ट पर दर्ज जन्मतिथियों में अंतर मिला। पुलिस के मुताबिक, दस्तावेजों की जांच में महिला की वास्तविक जन्मतिथि भी सामने आई है। अब उसके खिलाफ पासपोर्ट एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
मामला निहाल सिंह वाला थाना क्षेत्र के गांव समाधभाई का है। आरोपी महिला की पहचान जसप्रीत कौर के रूप में हुई है। इस पूरे मामले का खुलासा उसके पति कुलबीर सिंह की शिकायत के बाद हुआ। पति ने एसएसपी मोगा को लिखित शिकायत देकर मामले की जांच कराने की मांग की थी।
तीन पासपोर्ट, लेकिन जन्मतिथियां अलग-अलग
जांच में सामने आया कि जसप्रीत कौर का पहला पासपोर्ट 10 जुलाई 2012 को जारी हुआ था। यह 9 जुलाई 2022 तक वैध था। इसे स्कूल प्रमाण पत्र के आधार पर बनवाया गया था।
इसके बाद महिला ने 13 दिसंबर 2019 को दूसरा पासपोर्ट बनवाया। यह 12 दिसंबर 2029 तक वैध था। इस पासपोर्ट में उसकी जन्मतिथि 27 जुलाई 1991 दर्ज थी।
मामला यहीं नहीं रुका। महिला का तीसरा पासपोर्ट भी जारी हुआ। यह 21 सितंबर 2021 से 20 सितंबर 2031 तक वैध था। मनीला, फिलीपींस से जारी दस्तावेजों में इस पासपोर्ट पर जन्मतिथि 2 अक्टूबर 1999 दर्ज बताई गई है।
जांच में सामने आई वास्तविक जन्मतिथि
तीनों पासपोर्ट पर अलग-अलग जन्मतिथियां दर्ज होने के बाद मामले की जांच डीएसपी (इन्वेस्टिगेशन) मोगा को सौंपी गई। जांच के दौरान जसप्रीत कौर की वास्तविक जन्मतिथि 7 अप्रैल 1995 बताई गई।
पुलिस जांच के अनुसार, महिला ने कथित तौर पर अलग-अलग जन्मतिथियों और जाली दस्तावेजों का इस्तेमाल कर पासपोर्ट विभाग को गुमराह किया। इसी आधार पर उसके खिलाफ कार्रवाई की गई।
पति की शिकायत पर दर्ज हुआ केस
शिकायतकर्ता कुलबीर सिंह ने बताया कि उसकी शादी जसप्रीत कौर से वर्ष 2013 में हुई थी। उसने एसएसपी मोगा के समक्ष शिकायत देकर पूरे मामले की जांच की मांग की थी।
थाना निहाल सिंह वाला के प्रभारी रंजीत सिंह के मुताबिक, पति की शिकायत और डीएसपी की जांच रिपोर्ट के आधार पर जसप्रीत कौर के खिलाफ पासपोर्ट एक्ट, 1967 की धारा 12 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में नियमानुसार कार्रवाई कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

