चंडीगढ़। पंजाब में आज से मतदाता सूचियों की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया की शुरुआत हो गई है। इस अभियान के तहत राज्य भर के 2 करोड़ से अधिक पंजीकृत मतदाताओं के रिकॉर्ड की जांच की जाएगी। इस दौरान मतदाता सूचियों में से फर्जी, डुप्लीकेट और मृत मतदाताओं के नाम हटाए जाएंगे। पूरी सत्यापन और संशोधन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 1 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी।
बीएलओ की ट्रेनिंग और तैयारियां शुरू
इस अभियान की शुरुआत ट्रेनिंग और संशोधन से जुड़ी गतिविधियों के साथ की जा रही है, जो 24 जून तक जारी रहेगी। इसके बाद 25 जून से 24 जुलाई तक बीएलओ मतदाताओं की सहायता और जरूरी फॉर्म भरवाने के लिए घर-घर जाएंगे। प्रत्येक बीएलओ को सत्यापन के लिए औसतन 300 घरों और लगभग 1,200 मतदाताओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है। निर्वाचन अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि वे सत्यापन प्रक्रिया के दौरान बीएलओ का पूरा सहयोग करें।

3 अगस्त को प्रकाशित होगी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट
संशोधन प्रक्रिया के बाद 3 अगस्त को ड्राफ्ट वोटर लिस्ट (प्रारूप मतदाता सूची) का प्रकाशन किया जाएगा। इसके प्रकाशित होने के बाद, मतदाता 3 अगस्त से 2 सितंबर के बीच अपने दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे। चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि इस प्रक्रिया के दौरान आधार कार्ड को केवल पहचान के एक स्रोत के रूप में माना जाएगा, इसे पहचान का अंतिम या एकमात्र सबूत नहीं माना जाएगा।
बीएलओ फॉर्म बांटने के बाद भरे हुए दस्तावेज जमा करने के लिए मतदाताओं से तीन बार संपर्क करेंगे। इस वेरिफिकेशन के दौरान अधिकारी मतदाताओं की जन्मतिथि और पारिवारिक रिकॉर्ड की क्रॉस-चेकिंग करेंगे। जिन व्यक्तियों के नाम साल 2003 की मतदाता सूची में शामिल नहीं थे, लेकिन उनके माता-पिता या दादा-दादी के नाम दर्ज थे, उन्हें भी सत्यापन के लिए आवश्यक दस्तावेज देने होंगे।
पुराने रिकॉर्ड ऑनलाइन देख सकेंगे मतदाता
मतदाताओं की सुविधा के लिए चुनाव आयोग की वेबसाइट पर पुराने चुनावी रिकॉर्ड देखने की व्यवस्था की गई है। आयोग के अनुसार, जो लोग मतदाता सूची से अपना नाम हटवाना चाहते हैं, उन्हें फॉर्म-7 जमा करना होगा। वहीं, ऐसे एनआरआई जिन्होंने किसी अन्य देश की नागरिकता नहीं ली है, वे फॉर्म-6A भरकर मतदाता सूची में अपना नाम शामिल करने के लिए आवेदन कर सकते हैं। वेरीफिकेशन, दावों और आपत्तियों के निपटारे के बाद पंजाब के लिए अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 1 अक्टूबर को किया जाएगा।
- रफ्तार ने लगाया जिंदगी पर ब्रेकः सड़क किनारे खड़े 3 लोगों को कार ने रौंदा, 2 की थमी सांसें, घटना जानकर कांप जाएगी रूह
- ‘ये कौन से अध्यक्ष हैं?’ UP में अजय राय के सामने ही भिड़ गए कांग्रेसी, गाली-गलौज के बाद लहराए जूते
- गोपालगंज में नाबालिग लड़की से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
- भाजपा नेता से मारपीट-लूट का आरोप: कार्रवाई नहीं होने से नाराज भाजपाई थाने के सामने धरने पर बैठे
- डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा बयान, कहा- “रूस और यूक्रेन युद्ध के बीच हुआ एनर्जी सीजफायर, दोनों देश इसे न तोड़ें”

