जालंधर: पंजाब में एक बार फिर से मौसम बदलने वाला है. बारिश और गरज के साथ मौसम एक बार फिर से समय होने की संभावना है. जालंधर सहित पंजाब के कई जिलों में मौसम विभाग की ओर से यैलो अलर्ट जारी किया गया है. विभाग के मुताबिक 6 व 7 अक्तूबर को बारिश के साथ आंधी-तूफान आने की संभावना है.

मौसम विभाग के अनुसार एक बार फिर से पंजाब के कई जिलों में बारिश होगी. जालंधर, कपूरथला, शहीद भगत सिंह नगर, पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर व होशियारपुर सहित कुल 11 जिलों में यैलो अलर्ट रहेगा. इन जिलों में बारिश के साथ तेज हवाएं चलने तथा आंधी-तूफान आने की संभावना जताई गई है. आपको बता दें कि पंजाब में पिछले 2 दिनों से मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना हुआ है. सोमवार को राज्य के औसत अधिकतम तापमान में शनिवार व रविवार के मुकाबले बढ़ौतरी दर्ज की गई.

6 व 7 अक्तूबर को बारिश होने के बाद तापमान में कुछ गिरावट आने की संभावना है, जिससे पिछले कुछ दिनों से बनी गर्मी से लोगों को राहत मिल सकती है.

तापमान में रही बढ़ौती

राज्य में औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 1.8 डिग्री सैल्सियस अधिक रहा. मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक सोमवार को पंजाब में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री सैल्सियस बठिंडा में दर्ज किया गया. दिन के समय गर्मी का असर बने रहने के बावजूद अब बारिश की संभावना के कारण तापमान में कुछ कमी आने की संभावना हैं.