उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर मंगलवार दोपहर मजदूरों से भरी निजी बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई, जिससे 25 यात्री घायल हो गए. गंभीर रूप से घायल 10 लोगों को दर्शननगर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जबकि अन्य का कुमारगंज के सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय में इलाज जारी है.
सुल्तानपुर. मंगलवार दोपहर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हलियापुर थाना क्षेत्र में मजदूरों से भरी एक निजी बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई. हादसे में 25 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें 10 की हालत गंभीर बताई जा रही है. गंभीर घायलों को दर्शननगर मेडिकल कॉलेज भेजा गया है, जबकि अन्य का कुमारगंज स्थित सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय में इलाज चल रहा है.
बिहार से बाराबंकी जा रहे थे मजदूर
जानकारी के अनुसार, बिहार के नवादा जिले के अकौना थाना क्षेत्र के नया गांव के करीब 60 मजदूर निजी बस से बाराबंकी के एक ईंट-भट्ठे पर काम करने जा रहे थे. इसी दौरान पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बस चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और बस डिवाइडर से टकराने के बाद सड़क पर पलट गई. दुर्घटना के बाद बस में सवार लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई.
सात एंबुलेंस से पहुंचाया
हादसे की सूचना मिलने पर एक्सप्रेसवे के कर्मचारियों ने बचाव अभियान शुरू किया. सात एंबुलेंस की सहायता से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया. बड़ी संख्या में घायलों के पहुंचने पर चिकित्सकों की टीम ने तत्काल उपचार शुरू किया.
सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय में सीएमएस डॉ. रवि पांडेय के नेतृत्व में घायलों का इलाज किया गया.
एसडीएम ने ली जानकारी
मिल्कीपुर के एसडीएम पवन कुमार शर्मा अस्पताल पहुंचे और घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली. उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से घायल 10 लोगों को बेहतर उपचार के लिए दर्शननगर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है. अन्य घायलों का उपचार कुमारगंज स्थित अस्पताल में जारी है.

