Pushkar Cattle Fair 2026: अंतरराष्ट्रीय पुष्कर पशु मेले में इस बार पशुपालन विभाग पशुओं के निशुल्क उपचार और पर्यटकों की सुविधा के लिए नई व्यवस्थाएं करने जा रहा है। मेले में पहुंचने वाले बीमार या घायल पशुओं का मौके पर ही इलाज किया जाएगा। इसके लिए चिकित्सकों की टीम मेला मैदान में मौजूद रहेगी, जबकि अजमेर की संभाग स्तरीय प्रयोगशाला की मोबाइल टीम 24 घंटे पशुओं की जांच करेगी।

प्रतियोगिताओं और खास आकर्षण वाले पशुओं की लोकेशन जानने के लिए QR कोड भी लगाए जाएंगे। विभाग ने प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को ऊंट और घोड़े की मुफ्त सवारी कराने की योजना भी बनाई है।
परिवहन में घायल पशुओं का मेला मैदान में होगा इलाज
पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. नवीन परिहार ने बताया कि पुष्कर मेले में पशुओं को अलग-अलग तरीकों से लाया जाता है। कई ऊंट पैदल पहुंचते हैं, जबकि घोड़ों, गायों और बैलों को वाहनों के जरिए लाया जाता है। लंबी दूरी तय करने के दौरान कई बार पशु घायल हो जाते हैं। ऐसे पशुओं को इलाज के लिए भटकना न पड़े, इसके लिए मेला मैदान में ही पशु चिकित्सकों की टीम उपलब्ध रहेगी। पशुओं के पहुंचने के साथ उनकी सेहत की जानकारी ली जाएगी और बीमार या घायल होने पर मौके पर उपचार किया जाएगा।
24 घंटे तैनात रहेगी मोबाइल जांच टीम
मौसम में बदलाव के कारण पशुओं के बीमार पड़ने की आशंका को देखते हुए विभाग ने जांच की विशेष व्यवस्था की है। डॉ. परिहार के मुताबिक, अजमेर की संभाग स्तरीय प्रयोगशाला की मोबाइल टीम मेले में तैनात रहेगी। यह टीम पशुओं की त्वचा, मल और खून के नमूनों की जांच करेगी। ऊंटों में स्किन डिजीज की समस्या को ध्यान में रखते हुए उन पर विशेष नजर रखी जाएगी। दूसरे राज्यों से आने वाले पशुओं की भी निगरानी की जाएगी, ताकि उनमें मौजूद किसी बीमारी के स्थानीय पशुओं तक फैलने की आशंका को समय रहते पहचाना जा सके। विभागीय टीमों के अलावा दो गैर-सरकारी संगठन (NGO) भी पशुओं का निशुल्क उपचार करेंगे।
QR कोड स्कैन करते ही पता चलेगी प्रतियोगिता की लोकेशन
पुष्कर मेले में आने वाले पर्यटकों के लिए प्रतियोगिताओं तक पहुंचना आसान बनाने की तैयारी है। पशुपालन विभाग प्रत्येक प्रतियोगिता के दिन, समय और स्थान की जानकारी जारी करेगा। इसके साथ QR कोड भी दिया जाएगा, जिसे स्कैन करने पर संबंधित प्रतियोगिता की लोकेशन पता चल सकेगी। संयुक्त निदेशक डॉ. परिहार ने बताया कि प्रतियोगिताओं से जुड़े विवरण और लोकेशन वाले QR कोड संभावित आयोजन स्थलों पर लगाए जाने वाले फ्लेक्स पर भी उपलब्ध होंगे। मेले से पहले विभाग की हेल्प डेस्क भी मौजूद रहेगी। खास आकर्षण वाले पशुओं की लोकेशन की जानकारी भी इस व्यवस्था में शामिल की जाएगी।
प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को मुफ्त ऊंट और घोड़े की सवारी
पुष्कर मेले में विद्यार्थियों के लिए भी खास पहल की जा रही है। डॉ. परिहार के अनुसार, जिला शिक्षा अधिकारी से प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की सूची मांगी गई है। इसमें पढ़ाई, खेल या अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को शामिल किया जा सकता है। चयनित विद्यार्थियों को मेले में ऊंट और घोड़े की निशुल्क सवारी कराई जाएगी। विभाग का उद्देश्य उन्हें मेले में एक अलग अनुभव उपलब्ध कराना है।
पढ़ें ये खबरें
- चीन, ईवीएम और वोटर लिस्ट, जितेंद्र सिंह ने केंद्र से मांगा जवाब
- Gumla News : गुमला में सड़क की बदहाली की दर्दनाक तस्वीर, 65 वर्षीय महिला का शव 2 किमी तक कंधे पर ढोते रहे परिजन
- BJP विधायक और दामाद पर कमीशनखोरी का गंभीर आरोप, कलेक्टर से शिकायत कर जिला पंचायत सदस्यों ने खोला मोर्चा
- ‘ऐसी हल्की बात…’ खड़गे के बयान पर भड़के विधायक वेद प्रकाश, कहा- राहुल गांधी होंगे आखिरी नेता
- एक महीने तक चलेगा बिहार नशामुक्ति अभियान, सम्राट चौधरी ने दिलाई नशा नहीं करने की शपथ

