सतीश दुबे, डबरा। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के डबरा में 88 करोड़ के सीवर प्रोजेक्ट को ठेकेदार पलीता लगा रहा है। जिसका अब लोग विरोध करने लगे हैं। शहर के ठाकुर बाबा रोड वार्ड 17 में लोगों ने कर्मचारियों के आगे अपना विरोध दर्ज कराया ओर इस योजना की गुणवत्ता और कार्य को लेकर सवाल खड़े किए। इतना ही नहीं काम भी रोक दिया।
वहीं नगर पालिका के पार्षद भी इस योजना में 7 इंच के पाइप और मापदंडों को लेकर विरोध कर रहे हैं। लगातार इस विरोध के बाद मंगलवार को जिले की कलेक्टर रुचिका चौहान पार्षदों से मुलाकात करेंगी। पार्षदों का कहना है कि अगर मंगलवार को जिला कलेक्टर से मुलाकात के बाद इस काम को रोका नहीं गया तो वह खुद सड़कों पर खड़े होकर इस काम को बंद करा देंगे।
जानकारी के अनुसार, गुजरात की वासवानी कंपनी ने इस ठेके को लिया था और पेटी (रकम) पर भिंड के एक ठेकदार को दिया है। अब भिंड के ठेकदार द्वारा डबरा के 30 वार्डों मे 88 करोड़ से मंजूर सीवर प्रोजेक्ट की पाइप लाइन बिछाने का काम कर रहा है, लेकिन इस दौरान मापदंडों को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। भाजपा पार्षद धर्मेंद्र सिंह हैप्पी बताते हैं कि जिस कंपनी को काम मिला है उसके पास संसाधनों की कमी है।
इतना ही नहीं इस काम को रोकने की भी चेतवानी पार्षदों ने दी है पार्षदों की मांग है कि वरिष्ठ अधिकारी इस पूरी योजना की मॉनिटरिंग करें और 7 इंच के पाइप की जगह अच्छी क्वालिटी वाला बड़ा पाइप डाल जाए, जिससे भविष्य में इस योजना का लाभ लोगों को मिलता रहे। पार्षद धर्मेंद्र सिंह हैप्पी का आरोप है कि लंबे समय से चल रहे काम के बाद भी किसी भी नगर पालिका के अधिकारी ने अब तक जाकर इस योजना का निरीक्षण नहीं किया। उन्हें तो ये भी नहीं पता कब किस वार्ड में काम चल रहा है।
आपको बता दें कि इससे पहले भी करोड़ो की लगत से जलावर्धन योजना, अमृत योजना डबरा में भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुकी है। यह पाइप लाइन आए दिन कही भी फूट जाती है और लोगों को परेशान होना पड़ता है। इसी को लेकर लोग परेशान हैं जिसके बाद अब सीवर प्रोजेक्ट को लेकर लोग विरोध कर रहे हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

