Bihar Politics: बिहार में राबड़ी आवास (10 सर्कुलर रोड) को लेकर एक बार फिर से माहौल गरमाया हुआ है। दरअसल भवन निर्माण विभाग की ओर से दिए गए 15 दिनों में आवास खाली करने का समय सीमा खत्म हो चुका है। बावजूद इसके राबड़ी देवी ने अभी तक अपना आवास खाली नहीं किया है। इस बीच राबड़ी देवी ने बिहार सरकार को एक पत्र लिखा है, जिसमें उन्होंने आवास को खाली नहीं करने की वजह बताई है।
राबड़ी देवी ने बिहार सरकार को लिखा पत्र
मिली जानकारी के अनुसार बिहार सरकार को लिखे पत्र में राबड़ी देवी ने राजद सुप्रीमो और बिहार के पूर्व सीएम लालू यादव के स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का हवाला देते हुए कहा है कि डॉक्टर ने उन्हें खास सावधानी बरतने की सलाह दी है। डॉक्टर के मुताबिक लालू यादव को संक्रमण का खतरा बना रहता है, जिसके लिए 10 सर्कुलर आवास में उनके रहने के लिए विशेष कमरे की व्यवस्था की गई है।
विशेष कमरे की व्यवस्था करने की अपील
साथ ही पत्र के माध्यम से राबड़ी देवी ने बिहार सरकार से यह अनुरोध किया है कि भवन निर्माण विभाग की ओर से उन्हें जो नया बंगला (39 हार्डिंग रोड आवास) मिला है, उसमें 10 सर्कुलर आवास जैसा ही व्यवस्था की जाए। राबड़ी ने 10 सर्कुलर आवास की तरह 39 हार्डिंग रोड आवास में भी लालू यादव के लिए विशेष कमरे की व्यवस्था करने की अपील की है। उन्होंने आगे लिखा कि, जब बंगले का रिनोवेशन पूरा हो जाएगा, तो वे 39 हार्डिंग रोड स्थित सरकारी आवास में शिफ्ट हो जाएंगी।
आवास खाली करने के मूड में नहीं राबड़ी देवी
गौरतलब है कि बिहार सरकार और भवन निर्माण विभाग द्वारा बार-बार नोटिस भेजे जाने के बाद भी राबड़ी देवी 10 सर्कुलर रोड (राबड़ी आवास) को खाली करने के मूड में नहीं हैं। वहीं, अब प्रशासन और सरकार की ओर से उन्हें बंगला खाली करने को लेकर दी गई 15 दिनों की मोहलत भी समाप्त हो गई है। बता दें कि विभाग द्वारा यह बंगला बिहार सरकार में दलित मंत्री नंद किशोर राम को आवंटित किया गया है, जिसके बाद से प्रशासन और विभाग राबड़ी देवी पर बंगला खाली करने का दबाव बना रही है। वहीं, राबड़ी देवी को 39 हार्डिंग रोड बंगला आवंटित किया गया है।
ये भी पढ़ें- नीट पेपर लीक पर विजय चौधरी का बड़ा बयान, बिहार नहीं, पूरे देश का मामला, सरकार की नजर

