रविंद्र भारद्वाज, रायबरेली. जिले के गढ़ी खास गांव में नाबालिग के कथित अपहरण और दुष्कर्म से जुड़े मामले ने अब तूल पकड़ लिया है. घटना के बाद मंगलवार को नाबालिग के परिजन दर्जनों ग्रामीणों के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और पूरे मामले में तत्काल हस्तक्षेप करते हुए न्याय दिलाने की गुहार लगाई. परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि घटना को लगभग तीन दिन बीतने वाले हैं, लेकिन अब तक नाबालिग का मेडिकल परीक्षण नहीं कराया गया है और न ही परिवार को मामले की जांच से संबंधित स्पष्ट जानकारी दी जा रही है.
पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे ग्रामीणों का कहना था कि नाबालिग के साथ कथित घटना के बाद परिवार मानसिक तनाव से गुजर रहा है. परिजन लगातार पुलिस और संबंधित अधिकारियों से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, लेकिन उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिल पा रहा है. ग्रामीणों ने मांग की कि नाबालिग का तत्काल मेडिकल परीक्षण कराया जाए, उसके बयान दर्ज किए जाएं और मामले में नामजद अथवा संदिग्ध आरोपियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई की जाए.
इसे भी पढ़ें : दालमंडी में बुलडोज़र कार्रवाई का अंतिम चरण आज, भारी पुलिस बल की मौजूदगी में ढहाए जाएंगे अवैध निर्माण
परिजनों का आरोप है कि नाबालिग के लापता होने और उसके साथ कथित अपराध की जानकारी मिलने के बाद भी पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया. उनका कहना है कि घटना के कई घंटे बीत जाने के बाद भी आवश्यक चिकित्सकीय और कानूनी प्रक्रिया पूरी नहीं की गई. परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस की ओर से उन्हें जांच की प्रगति के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही है. ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में अधिकारियों से मुलाकात कर मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की. उन्होंने कहा कि नाबालिग से जुड़े इस संवेदनशील प्रकरण में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए. ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग भी उठाई.
विधायक ने दिया कार्रवाई का भरोसा
मामले की जानकारी मिलने पर हरचंदपुर विधायक राहुल लोधी भी परिजनों के समर्थन में सामने आए. उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया. विधायक ने कहा कि नाबालिग से संबंधित मामले में पुलिस और प्रशासन को संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करनी चाहिए. उन्होंने अधिकारियों से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और पीड़ित परिवार को समय पर जानकारी उपलब्ध कराने की बात कही.
इसे भी पढ़ें : कानपुर में सरकारी डॉक्टर ने लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मारी, मौत
मीडिया से बातचीत के दौरान विधायक राहुल लोधी ने आरोप लगाया कि इस मामले में कुछ लोगो के संरक्षण मिलने की चर्चा सामने आ रही है. उन्होंने कहा कि किसी भी प्रभावशाली व्यक्ति अथवा राजनीतिक दबाव के कारण जांच प्रभावित नहीं होनी चाहिए. विधायक ने कहा कि मामले की जांच तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर की जानी चाहिए. उन्होंने कहा कि नाबालिग का मेडिकल परीक्षण, बयान और अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई में देरी नहीं होनी चाहिए. साथ ही उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की अपील की.

