रविंद्र कुमार भारद्वाज, रायबरेली. जिले के जगतपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार की शाम पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक संघर्ष हो गया. इस घटना में मारपीट और धारदार हथियार के हमले से एक होमगार्ड सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायलों को शुक्रवार की रात को जिला अस्पताल से बेहतर इलाज के लिए एम्स रायबरेली रेफर कर दिया गया है. घटना के बाद इलाके में फायरिंग की चर्चाएं तेजी से फैल गईं, हालांकि पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने स्पष्ट किया है कि जांच में अब तक किसी भी व्यक्ति को गोली लगने की पुष्टि नहीं हुई है.

घटना जगतपुर और भदोखर थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित राय का पुरवा चौराहे के पास हुई. सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक रवि कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे. उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद जिला अस्पताल जाकर घायलों का हालचाल जाना. जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉक्टर रोशन पटेल ने बताया कि दो भाइयों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है, जबकि एक घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे एम्स रेफर किया गया है.

इसे भी पढ़ें : कुछ तो गड़बड़ है! 19 वर्षीय युवती की संदिग्ध मौत, बिना सूचना करने जा रहे थे अंतिम संस्कार, पुलिस ने रोका

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच शराब के ठेके को लेकर पुराना विवाद चला आ रहा था. इसी पुरानी रंजिश के चलते शुक्रवार को दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद ने हिंसक रूप ले लिया.घटना के दौरान एक ऑल्टो कार भी क्षतिग्रस्त हो गई, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए.

पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने बताया कि भदोखर थाना क्षेत्र के भैद के पुरवा निवासी रवि सिंह तबाही का नाम इस घटना में सामने आया है और कुछ अन्य साथियों के नाम भी जांच के दायरे में हैं. घायलों के शरीर पर मारपीट और धारदार वस्तु से लगी चोटों के निशान मिले हैं. चिकित्सकीय परीक्षण में अब तक किसी को गोली लगने की पुष्टि नहीं हुई है. उन्होंने यह भी कहा कि फायरिंग की चर्चा की भी जांच कराई जा रही है. दोनों पक्षों से तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.