हेमंत शर्मा, इंदौर। महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस प्रथम वर्ष (फर्स्ट ईयर) के छात्रों के साथ रैगिंग का मामला सामने आया है। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) के एंटी रैगिंग सेल में शिकायत दर्ज होने के बाद आयोग ने कॉलेज प्रबंधन को सख्त निर्देश जारी कर 24 घंटे के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट तलब की है।

रात 1 से 3 बजे के बीच सीनियर छात्रों ने मचाया उत्पात

शिकायत के अनुसार, हॉस्टल के ब्लॉक नंबर 6 में—जहां केवल फर्स्ट ईयर के छात्र रहते हैं और वरिष्ठ छात्रों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित है—देर रात 1 से 3 बजे के बीच सीनियर छात्र जबरन पहुंच गए। सीनियर छात्रों ने जूनियरों के कमरों के दरवाजे देर तक पीटे और उन्हें बाहर आने के लिए कहा। हालांकि, डर के कारण जूनियर छात्रों ने अपने कमरों के दरवाजे नहीं खोले।
EduAdvice

सुरक्षाकर्मी पर लापरवाही और मोबाइल छीनने के आरोप

छात्रों ने हॉस्टल में तैनात सुरक्षाकर्मी की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। आरोप है कि सुरक्षाकर्मियों ने सीनियर छात्रों को रोकने का कोई प्रयास नहीं किया। इसके अलावा, गणपति उत्सव के दौरान भी जूनियर छात्रों को जबरन मीटिंग में बुलाकर उनके मोबाइल फोन जमा करा लेने की गंभीर शिकायत की गई है।

जांच में जुटा कॉलेज प्रबंधन, फुटेज खंगाले जाएंगे

NMC से मिले निर्देशों के बाद कॉलेज प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया है। कॉलेज की एंटी रैगिंग कमेटी ने प्रथम वर्ष के छात्रों के व्यक्तिगत बयान दर्ज करने के लिए उन्हें बुलाया है। इसके साथ ही, ब्लॉक नंबर 6 में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि अनाधिकृत रूप से प्रवेश करने वाले सीनियर छात्रों की पहचान कर उन पर कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सके।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m