सुलतानपुर की एमपी-एमएलए अदालत 26 अक्टूबर को राहुल गांधी के खिलाफ अमित शाह पर कथित टिप्पणी से जुड़े मानहानि मामले में फैसला सुनाएगी. बीजेपी नेता विजय मिश्रा की शिकायत पर दर्ज इस मामले में दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने निर्णय की तारीख तय की थी.

सुलतानपुर. एमपी-एमएलए कोर्ट में 26 अक्टूबर को कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ चल रहे मानहानि मामले में फैसला सुनाया जाएगा. यह मामला वर्ष 2018 में कर्नाटक विधानसभा चुनाव के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ कथित टिप्पणी से जुड़ा है. बीजेपी नेता विजय मिश्रा ने इस संबंध में राहुल गांधी के खिलाफ परिवाद दाखिल किया था.

क्या है पूरा मामला

हनुमानगंज निवासी विजय मिश्रा ने कोतवाली देहात थाना क्षेत्र में राहुल गांधी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी. आरोप है कि कर्नाटक चुनाव के दौरान राहुल गांधी ने अमित शाह को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, जिसे लेकर मानहानि का मुकदमा शुरू हुआ.

वर्ष 2023 के अंत में अदालत ने मामले में सख्त रुख अपनाते हुए राहुल गांधी के खिलाफ वारंट जारी किया था. इसके बाद 20 फरवरी 2024 को राहुल गांधी अदालत में पेश हुए, जहां 25-25 हजार रुपये के दो मुचलकों पर उन्हें जमानत मिल गई.

अदालत में दर्ज हुए बयान

26 जुलाई 2024 को राहुल गांधी दोबारा अदालत पहुंचे और अपना बयान दर्ज कराया. इसके बाद 20 फरवरी 2026 को वह तीसरी बार अदालत में पेश हुए और दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 313 के तहत अपना बयान दर्ज कराया.

इसके बाद शिकायतकर्ता विजय मिश्रा के अधिवक्ता संतोष पांडेय ने राहुल गांधी के बयान के वॉयस सैंपल की प्रयोगशाला से जांच कराने की मांग की. एमपी-एमएलए कोर्ट ने इस मांग को खारिज कर दिया. इसके बाद सेशन कोर्ट में भी याचिका खारिज हुई और मामला हाईकोर्ट पहुंचा, जहां रिट याचिका भी खारिज कर दी गई.

26 अक्टूबर को आएगा फैसला

वॉयस सैंपल की जांच से जुड़ी मांग पर न्यायिक स्तर पर राहत नहीं मिलने के बाद शिकायतकर्ता पक्ष के अधिवक्ता संतोष पांडेय और राहुल गांधी के अधिवक्ता काशी शुक्ला ने अदालत में अपनी-अपनी दलीलें रखीं. दोनों पक्षों को सुनने के बाद अदालत ने 26 अक्टूबर को फैसला सुनाने की तारीख निर्धारित की.

अब इस मामले में अदालत के निर्णय पर सबकी नजरें टिकी हैं. फैसले से यह स्पष्ट होगा कि मानहानि के इस मुकदमे में आगे की न्यायिक स्थिति क्या होगी.