चुनाव आयोग को लेकर जारी विवाद के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया को लेकर सामने आए सवाल गंभीर हैं और ज्ञानेश कुमार को पद छोड़कर ‘सरकारी गवाह’ बन जाना चाहिए।

राहुल गांधी का बड़ा दावा

राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस लंबे समय से चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर सवाल उठाती रही है और अब दो चुनाव आयुक्तों के कथित बयानों से उनकी चिंताओं को बल मिला है। उन्होंने ज्ञानेश कुमार पर देश के हितों के खिलाफ काम करने का आरोप लगाते हुए तत्काल इस्तीफे की मांग की।

राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की भूमिका की जांच की भी मांग की। उन्होंने कहा, “मैं भारत के लोगों से वादा करता हूं कि नरेंद्र मोदी और अमित शाह की जांच होगी।”

‘2024 के चुनावों में धांधली हुई’

कांग्रेस नेता ने दावा किया कि 2024 लोकसभा चुनाव और अन्य विधानसभा चुनावों में धांधली हुई थी। उनका आरोप है कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री ने ज्ञानेश कुमार को चुनाव आयोग में नियुक्त किया और अब चुनाव आयुक्तों की ओर से भी चुनाव प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। राहुल गांधी ने यह भी कहा कि कथित ‘वोट चोरी’ के जरिए निर्वाचित सांसदों द्वारा बनाए गए कानूनों की वैधता पर सवाल उठना चाहिए।

मोदी-शाह की लगातार चुनावी जीत पर सवाल

प्रेस कॉन्फ्रेंस की शुरुआत राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह के पुराने भाषणों के ऑडियो से की। उन्होंने सवाल उठाया कि जहां अधिकांश राजनीतिक दलों को समय-समय पर सत्ता-विरोधी लहर का सामना करना पड़ता है, वहीं बीजेपी और नरेंद्र मोदी के मामले में ऐसा क्यों नहीं दिख रहा। उन्होंने गुजरात, मध्य प्रदेश और हरियाणा समेत कई राज्यों का उदाहरण देते हुए चुनावी प्रक्रिया और सत्ता में लगातार बने रहने पर सवाल उठाए।

BJP, RSS और EC पर लगाए गंभीर आरोप

राहुल गांधी ने इससे पहले सोशल मीडिया पोस्ट में कथित ‘वोट चोरी’ को भारतीय नागरिकों के खिलाफ अपराध और संविधान पर हमला बताया था। उन्होंने BJP, RSS और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा था कि इसके लिए न्याय होगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m