Rahul Gandhi Dharna Live Updates: जंतर-मंतर प्रदर्शन में पैलेट गन चलाने के कथित मामले में एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी संसद मार्ग थाने के बाहर धरने पर बैठ गए हैं। राहुल गांधी के साथ उनकी बहन और वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी भी धरने पर बैठ गई हैं। कांग्रेस नेता जयराम रमेश भी मौके पर पहुंचे हैं। साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं के पहुंचवे का सिलसिला भी शुरू हो गया है। कांग्रेस नेताओं ने थाना परिसर में नाेबाजी की। यहां भीड़ को देखते हुए बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों को बुलाया गया है। थाने के अंदर रैपिड एक्शन फोर्स भी मौजूद है।

राहुल गांधी ने कहा कि पैलेट गन का सबूत हमारे पास है। 200 छर्रे इनके शरीर के अंदर है। आंखों में 3 छर्रे लगे हैं। आंख काम नहीं कर रहा है। हमारी सिर्फ मांग है कि एफआईआर कीजिए, अंदर से कहा गया है कि ऊपर से आदेश है कि एफआईआर नहीं करनी है। जब तक एफआईआर नहीं होगी, हम नहीं हटेंगे।

राहुल गांधी ने कहा कि 20 जुलाई को कनॉट प्लेस में पेलेट गन का इस्तेमाल किया गया था। एम्स की रिपोर्ट साफ कहती है कि उनके शरीर के अंदर 200 से ज्यादा छर्रे हैं। 3 छर्रे उनकी आंख में हैं। उनकी उस आंख की रोशनी चली गई है। उनके दिल के पास भी छर्रे हैं जिन्हें छुआ नहीं जा सकता। दिल्ली पुलिस का कहना है कि उन्होंने पेलेट गन नहीं चलाई, तो, बस एक ही सवाल है कि किसी ने तो ऐसा किया ही होगा। अपराध तो हुआ ही है। हम मांग कर रहे हैं कि FIR दर्ज की जाए।

दरअसल आज सुबह लगभग 11 बजे कांग्रेस सांसद जंतर-मंतर प्रदर्शन में चले कथित पैलेट गन पीड़ित प्रदर्शनकारी साहिल को साथ लेकर संसद मार्ग थाने पहुंचे। उन्होंने पैलेट गन मामले में केस दर्ज करने की मांग की। एफआईआर दर्ज नहीं होने पर वे थाने के बाहर धरने पर बैठ गए। राहुल गांधी एफआईआर दर्ज कराने की मांग पर अड़े हुए हैं और थाने के बाहर ही धरने पर बैठे हुए हैं। वहीं पुलिस मनाने की कोशिश कर रही है।

बता दें कि राहुल ने संसद के मानसून सत्र में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संसद मार्च में पैलेट गन के इस्तेमाल के मुद्दे को उठाया था और गृह मंत्री अमित शाह से जवाब मांगा था। हालांकि, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा था कि पुलिस ने गोली नहीं चलाई है।

राहुल गांधी का आरोप है कि 20 जुलाई के प्रदर्शन में साहिल पैलेट गन से घायल हुए। 14 अगस्त को उन्होंने दिल्ली पुलिस को लिखित शिकायत दी थी। लेकिन उन्हें शिकायत की रिसीव नहीं दी गई। 17 अगस्त को ईमेल और फोन से भी शिकायत पर कार्रवाई की मांग की गई, लेकिन कुछ नहीं हुआ। राहुल गांधी शुक्रवार को साहिल के साथ DCP कार्यालय पहुंचे और FIR दर्ज करने की मांग की। वहीं मामले में पुलिसकर्मियों का कहना है कि 20 जुलाई को दर्ज हुए सभी मामलों की जांच क्राइम ब्रांच के पास है। शिकायतकर्ता को यह बता दिया गया है कि मामले की जांच क्राइम ब्रांच के पास है और यह शिकायत भी उसे भेज दी जाएगी। दिल्ली पुलिस ने शिकायत ले ली है और IO भी बता दिया है। साथ ही राहुल गांधी को भी यह बता दिया गया है। CJP प्रोटेस्ट के दौरान जो FIR हुई थी उसकी जांच क्राइम ब्रांच कर रही है।

कांग्रेस बोली- संघर्ष जारी रहेगा… न्याय मिलने तक

राहुल गांधी के धरने पर एक बार फिर कांग्रेस ने अमित शाह पर निशाना साधा। कांग्रेस ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा- संघर्ष जारी रहेगा… न्याय मिलने तक…. FIR दर्ज करो साहिल को न्याय दो. अमित शाह और उनकी दिल्ली पुलिस दोषियों को बचा नहीं सकती FIR दर्ज करो साहिल को न्याय दो

बीजेपी का राहुल गांधी पर निशाना

राहुल गांधी के धरना पर दिल्ली के मंत्री आशीष सूद (Ashish Sood ) ने कहा कि राहुल गांधी खुद को सुर्खियों में रखकर अपनी और अपनी पार्टी की राजनीतिक अहमियत बनाए रखना चाहते हैं। सोचिए कि सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और ‘वंदे मातरम’ विवाद के मुद्दे पर उनकी पार्टी की असलियत कैसे सबके सामने आ गई है। राहुल गांधी इन्हीं मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए ऐसे विरोध प्रदर्शन करते हैं। यह बस उनका राजनीतिक तरीका है।

पीएम मोदी ने मेलोनी को Melody Toffee गिफ्ट दी, खुशी से झूम उठी इटली की प्रधानमंत्री

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m