लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक वीडियो जारी कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और उनसे जुड़े नेताओं पर तीखा हमला बोला है। राहुल गांधी ने दावा किया कि वह एक दशक से अधिक समय से अपने राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ लड़ रहे हैं और उनकी रणनीतियों को अच्छी तरह समझते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और संविधान पर हमला करने वालों को विपक्ष शिकस्त देकर रहेगा।
राहुल गांधी बोले- विरोधियों की हर चाल से वाकिफ हूं
राहुल गांधी ने वीडियो में कहा, “नरेंद्र मोदी, RSS और इनसे जुड़े लोगों के खिलाफ एक दशक से भी ज्यादा समय से लड़ रहा हूं। मैं अपने विरोधियों को उतनी अच्छी तरह समझता हूं, जितना कोई भी अपने प्रतिद्वंद्वी को समझता है। मैं इन्हें अंदर तक जानता हूं और इनकी हर चाल से वाकिफ हूं।”
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, RSS प्रमुख मोहन भागवत, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल का नाम लेते हुए उन पर निशाना साधा। राहुल ने आरोप लगाया कि ये नेता धीरे-धीरे घिर रहे हैं और उनके चारों ओर दायरा सिमट रहा है।
‘जितनी पुलिस बुलानी है, बुला लीजिए’
राहुल गांधी ने अपने वीडियो में चुनौतीपूर्ण लहजे में कहा कि सरकार चाहे तो नेताओं और युवाओं को गिरफ्तार कर सकती है, लेकिन विपक्ष पीछे हटने वाला नहीं है।
उन्होंने कहा, “हम आपको चारों तरफ से घेर रहे हैं, और हम पीछे हटने वाले नहीं हैं।” राहुल ने यह भी दावा किया कि उन्हें जिस जानकारी की जरूरत है, वह पहले से उनके पास मौजूद है।
संविधान की रक्षा के लिए लड़ाई जारी रखने का ऐलान
कांग्रेस नेता ने कहा कि विपक्ष संविधान की रक्षा करेगा और देश की जनता की आवाज को दबने नहीं देगा। उन्होंने युवाओं से अपना विरोध जारी रखने की अपील करते हुए कहा कि कांग्रेस उनके साथ खड़ी है।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि पिछले 10-15 वर्षों में देश के साथ जो हुआ, उसे दोबारा नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने सरकार और संविधान पर हमला करने वालों को राजनीतिक रूप से शिकस्त देने का संकल्प भी जताया।
BJP का पलटवार, रविशंकर प्रसाद ने उठाया इमरजेंसी का मुद्दा
राहुल गांधी के बयान से पहले भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को इमरजेंसी की बात नहीं करनी चाहिए, क्योंकि उनकी दादी और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के शासनकाल में लगे आपातकाल का इतिहास सभी जानते हैं। इस बयानबाजी के बाद भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक टकराव और तेज हो गया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

