सतीश सिंह, लखनऊ. उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने आरोप लगाया है कि भाजपा सरकार राहुल गांधी के प्रस्तावित छात्र संवाद कार्यक्रम को रोकने का प्रयास कर रही है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी 8 अगस्त को शाम 5 बजे प्रयागराज पहुंचकर प्रतियोगी परीक्षाओं और पेपर लीक से प्रभावित छात्रों से सीधा संवाद करेंगे. अजय राय ने कहा कि राहुल गांधी का यह कार्यक्रम पूरी तरह छात्रों के भविष्य और रोजगार के मुद्दों पर केंद्रित है.
अजय ने आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर पेपर लीक कराकर युवाओं का भविष्य बर्बाद कर रही है और इसमें बड़ी एजेंसियों व कंपनियों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए. उन्होंने दावा किया कि कार्यक्रम के लिए 30 जुलाई को अनुमति दे दी गई थी, लेकिन बाद में सरकार के दबाव में उसे रद्द कर दिया गया. अजय राय ने कहा कि जिस मेजर रंजीत सिंह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में कार्यक्रम प्रस्तावित है, वहां शादी-विवाह, खेलकूद और अन्य आयोजन नियमित रूप से होते हैं. उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के लिए 51 हजार रुपये भी जमा किए जा चुके हैं और यह शनिवार शाम 5 बजे आयोजित होना है, जब स्कूल-कॉलेज बंद रहते हैं.
इसे भी पढ़ें : PDA से हारने वाले सुन लें, PDA में PD मतलब ‘पंडित’ है… अखिलेश यादव का बड़ा बयान, सरकार को घेरते हुए कही बड़ी बात
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि इससे पहले भी राजस्थान के कोटा और उत्तराखंड के देहरादून में राहुल गांधी के छात्र संवाद कार्यक्रमों की अनुमति रद्द की गई थी, लेकिन छात्रों के दबाव के बाद प्रशासन को अनुमति देनी पड़ी. उनका कहना था कि प्रयागराज में भी छात्रों की आवाज को दबाया नहीं जा सकेगा और अंततः प्रशासन को कार्यक्रम की अनुमति देनी होगी.
अजय राय ने कहा कि यह कोई राजनीतिक सभा नहीं है. “इस कार्यक्रम में न कांग्रेस के झंडे होंगे और न ही नारेबाजी होगी. राहुल गांधी सीधे छात्रों से उनके भविष्य, रोजगार और शिक्षा के मुद्दों पर बातचीत करेंगे.” उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार राहुल गांधी की लोकप्रियता और उनके सवालों से घबराई हुई है. अजय राय ने दावा किया कि राहुल गांधी तय कार्यक्रम के अनुसार 8 अगस्त को प्रयागराज पहुंचेंगे और छात्रों से संवाद अवश्य करेंगे.


