Rahul Gandhi ने CBSE कक्षा 12 के कुछ छात्रों से मुलाकात कर ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) से जुड़ी शिकायतों पर चर्चा की। रविवार को उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बातचीत का वीडियो साझा करते हुए केंद्र सरकार और CBSE की मूल्यांकन प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए।

बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि जिन छात्रों ने परीक्षा परिणामों और मूल्यांकन संबंधी समस्याओं पर सवाल उठाए, उनकी चिंताओं का समाधान करने के बजाय उन्हें आलोचना और आरोपों का सामना करना पड़ा। उन्होंने दावा किया कि छात्रों की शिकायतों को गंभीरता से लेने के बजाय उन्हें विभिन्न तरह के नकारात्मक विशेषणों से संबोधित किया गया।

इस चर्चा में वेदांत नामक छात्र भी शामिल था, जिसकी एक सोशल मीडिया पोस्ट हाल ही में चर्चा में आई थी। छात्र का आरोप था कि पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया के दौरान पोर्टल पर अपलोड की गई उत्तर पुस्तिका उसकी वास्तविक कॉपी से मेल नहीं खाती थी। इसके बाद कई अन्य छात्रों ने भी इसी प्रकार की शिकायतें सामने रखीं।

वेदांत ने रखी अपनी बात

वेदांत ने कहा, ‘जब मैं शीट फिजिक्स की शीट देखता हूं तो उसका एग्जाम बहुत अच्छा गया. उसमें मेरे अच्छे नंबर आएंगे. लेकिन नंबर नहीं आए। तब तब ये ऑप्शन था कि अगरनंबर कम आते हैं, तो फोटो कॉपी के लिए अप्लाई कर सकते हैं, उसकी कॉपी जब मैं खोलता हूं, तो उसमें मेरी हैंडराइटिंग नहीं थी। मैंने देखा की ये मेरी शीट नहीं थी।’

राहुल गांधी से बातचीत वाले वीडियो में वेदांत ट्रोलिंग वाली बात भी दोहराते नजर आ रहे हैं। वह कहते हैं कि ‘मेरे को पाकिस्तान का एजेंट तक बोला गया।’ राहुल गांधी ने भी वीडियो पोस्ट करते हुए यही लिखा है कि ‘मेरे साथी देशद्रोही सोरोस (Soros) एजेंट्स’ के साथ बातचीत। उन्होंने आगे लिखा कि ‘वेदांत और उसके दोस्त प्रतिभाशाली, बहादुर युवा भारतीय हैं, जिन्होंने सीबीएसई और मोदी सरकार से आसान सवाल पूछे – लेकिन जवाब के बजाय उन्हें अपमान मिला। वे एक उज्ज्वल और सुरक्षित भविष्य के हकदार हैं। हम सुनिश्चित करेंगे कि उन्हें यह मिले।’

छात्र बोले- सवाल करने पर हमें बताया गया देशद्रोही

बातचीत में एक छात्र ने कहा- ‘इन लोगों ने हमें देश विरोधी बता दिया’ इस पर राहुल गांधी हंसते हुए कहते हैं, ’17 साल के डीप स्टेट एजेंट्स’ फिर वह कहते हैं कि भैया, इन आतंकियों के चेहरे भी दिखाओ।’ फिर राहुल गांधी ने बच्चों से पूछा कि डीप स्टेट क्या होता है, भाई? तो छात्र कहते हैं सोरोस… वह कहते हैं कि हमें हमारी बात पूछने पर एंटी नेशनल कहा गया।

शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा प्रबंधन पर सरकार को घेरा

राहुल गांधी ने इससे पहले भी परीक्षा प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि सरकार शिक्षा क्षेत्र में बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन परीक्षाओं के संचालन और मूल्यांकन में लगातार सवाल उठ रहे हैं। उनके अनुसार, छात्रों के भविष्य से जुड़े मामलों में अधिक पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए।

मूल्यांकन से जुड़ी कंपनी पर भी उठाए प्रश्न

27 मई को जारी एक अन्य वीडियो में राहुल गांधी ने OSM प्रक्रिया से जुड़ी कंपनी COEMPT को लेकर भी सवाल उठाए थे। उन्होंने दावा किया कि कंपनी का पूर्व नाम ग्लोबारिना था और इसके अतीत को देखते हुए यह स्पष्ट किया जाना चाहिए कि इसे CBSE का डिजिटल मूल्यांकन कार्य किस आधार पर सौंपा गया।

उन्होंने मांग की कि इस ठेके की प्रक्रिया, चयन मानदंड और संबंधित निर्णयों की जानकारी सार्वजनिक की जाए, ताकि छात्रों और अभिभावकों के बीच पैदा हुई शंकाओं का समाधान हो सके। हालांकि, इन आरोपों पर CBSE और संबंधित पक्षों की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m