कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को केंद्र सरकार की विदेश नीति पर तीखा तंज कसा। दिल्ली के मावलंकर हॉल में आयोजित रचनात्मक कांग्रेस कन्वेंशन में राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए विदेश नीति को लेकर ‘गले लगने’ वाली शैली पर कटाक्ष किया।
‘गले लगना ही विदेश नीति है’
राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें समझ नहीं आता कि सरकार के दिमाग में यह बात कहां से आ गई कि “गले पड़ना ही विदेश नीति है।” अपनी बात को समझाने के लिए उन्होंने मंच पर कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित को बुलाया और उनके साथ गले मिलने का एक्ट किया।
इसी दौरान संदीप दीक्षित ने मजाकिया अंदाज में राहुल गांधी से पूछा, “मेलोनी समझकर तो नहीं पकड़ा था?” इस पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच ठहाके गूंज उठे। राहुल गांधी ने भी हंसते हुए जवाब दिया, “नहीं-नहीं, मैं अभी तक वहां नहीं पहुंचा हूं।”राहुल गांधी और संदीप दीक्षित का यह मजेदार अंदाज अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।
RSS को लेकर भी राहुल गांधी का बड़ा बयान
कन्वेंशन में राहुल गांधी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि अगर किसी दिन RSS की अभिव्यक्ति को देश से बाहर करने की कोशिश की गई, तो वह उसकी अभिव्यक्ति की आजादी की रक्षा करेंगे।
उन्होंने आरोप लगाया कि छोटे कारोबारी कभी RSS की ताकत का महत्वपूर्ण हिस्सा हुआ करते थे, लेकिन नोटबंदी और GST के गलत तरीके से लागू होने के कारण इस वर्ग को नुकसान पहुंचा।
‘पुराना RSS खत्म हो चुका है’
राहुल गांधी ने दावा किया कि “पुराना RSS खत्म हो चुका है” और संगठन अब बड़े पूंजीपतियों तथा कॉरपोरेट हितों के लिए काम करने का माध्यम बन गया है। उन्होंने RSS और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर उद्योगपतियों के हितों को बढ़ावा देने का आरोप भी लगाया।
कांग्रेस नेता ने कहा कि देश में बड़ी संख्या में लोग इस ताकत के खिलाफ आवाज उठाने से डरते रहे हैं। उनके इस बयान के साथ ही कन्वेंशन में विदेश नीति, RSS, कॉरपोरेट प्रभाव और केंद्र सरकार की नीतियों को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


