कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने E20 पेट्रोल में कथित अनियमितताओं को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पेट्रोल में इथेनॉल की निर्धारित मात्रा से अधिक मिलावट होने का आरोप लगाते हुए कहा, “E20 ‘420’ बन गया है – जनता की गाड़ी से पेट्रोल चोरी!” उन्होंने सवाल किया कि तय सीमा से ज्यादा एथेनॉल मिलाने वाली कंपनियों पर कार्रवाई कब होगी?

कर्नाटक की जांच में IOCL के पेट्रोल में 31.2% और HPCL में 30.5% एथेनॉल मिलने की बात सामने आई. कंपनियों के पेट्रोल नमूनों में इथेनॉल की मात्रा निर्धारित 20% सीमा से काफी अधिक पाई गई है.

कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पेट्रोल में 20 फीसदी से ज्यादा एथेनॉल मिलाए जाने को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने आरोप लगाया कि देश में लोगों को महंगे पेट्रोल के पैसे देने पड़ रहे हैं. उन्होंने लिखा कि जनता की गाड़ी से पेट्रोल चोरी हो रहा है. E20 420 बन चुका है. मोदी सरकार कहती है पेट्रोल में 20 फीसदी एथेनॉल है.

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कर्नाटक सरकार की ओर से पेट्रोल के सैंपल की कराई गई जांच का हवाला दिया. उनके मुताबिक, कर्नाटक सरकार ने राज्य के 7 जिलों से पेट्रोल के नमूने में 14 में से 11 सैंपल में एथेनॉल की मात्रा 20 फीसदी से ज्यादा पाई गई.

उन्होंने कहा कि इंडियन ऑयल, हिंदुस्तान पेट्रोलियम, भारत पेट्रोलियम (BPCL) के अलावा नायरा और शेल जैसी कंपनियों के पेट्रोल के नमूनों में भी निर्धारित सीमा से ज्यादा एथेनॉल मिला. इसके अलावा कंपनियों की अपनी लैब ने एथेनॉल की मात्रा रिपोर्ट में लिखी ही नहीं.

कांग्रेस नेता ने कहा कि उपभोक्ता पेट्रोल की कीमत चुका रहे हैं, लेकिन उनकी गाड़ियों की टंकी में ज्यादा मात्रा में एथेनॉल भरा जा रहा है. उन्होंने दावा किया कि सभी वाहन इतनी अधिक मात्रा में एथेनॉल इस्तेमाल करने के लिए नहीं बने हैं. इससे गाड़ियों का माइलेज घट सकता है और बार-बार मरम्मत कराने की जरूरत पड़ सकती है.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m