रायबरेली. कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और रायबरेली से सांसद राहुल गांधी मंगलवार (8 सितंबर 2026) से अपने संसदीय क्षेत्र के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे. कांग्रेस जिला कमेटी की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक, राहुल गांधी 8 और 9 सितंबर को रायबरेली में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे और स्थानीय लोगों व प्रतिनिधिमंडलों से मुलाकात करेंगे.

इसे भी पढ़ें- सहारनपुर में मस्जिद के मलबे के नीचे मिला कुआं, लखौरी ईंटों से बनी है संरचना, ASI ने क्या कहा?

शाम 3:30 बजे रायबरेली पहुंचेंगे राहुल गांधी

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पंकज तिवारी के अनुसार राहुल गांधी मंगलवार शाम करीब 3:30 बजे रायबरेली पहुंचेंगे. उनके स्वागत के लिए कई स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं. इनमें सब्जी मंडी गुमावा बॉर्डर, ब्लॉक शिवगढ़, यूको बैंक शाखा हलोर, ब्लॉक महाराजगंज, महाराजगंज तिराहा पुलिस चौकी, हरदासपुर चौराहा ब्लॉक अमावां और सारस होटल के पास गोल चौराहा शामिल हैं.

व्यापारियों और विभिन्न संगठनों से करेंगे मुलाकात

रायबरेली पहुंचने के बाद राहुल गांधी प्रभु टाउन में सर्विस व्यवसायी प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात करेंगे. इसके बाद सांसद आवास पर मुख्य बार एसोसिएशन, चिकित्सक एवं केमिस्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे. वह स्पोर्ट्समैन और खिलाड़ियों से भी संवाद करेंगे.

सांसद आवास पर करेंगे रात्रि विश्राम

मंगलवार रात राहुल गांधी भुएमऊ स्थित सांसद आवास पर रात्रि विश्राम करेंगे. अगले दिन बुधवार सुबह उनका कार्यक्रम आमजन और विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों से मुलाकात के साथ शुरू होगा. सुबह 9 बजे से 10:30 बजे तक वह लोगों की समस्याएं सुनेंगे और विभिन्न डेलीगेशन से संवाद करेंगे.

इसे भी पढ़ें- आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए बड़ी खुशखबरी, मानदेय में होगी बढ़ोतरी

लोकार्पण-शिलान्यास के बाद दिशा बैठक

बुधवार सुबह 10:35 बजे राहुल गांधी विकास कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होंगे. इसके बाद 11:30 बजे जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति यानी ‘दिशा’ की बैठक में हिस्सा लेंगे. जिला कांग्रेस अध्यक्ष पंकज तिवारी ने पूर्व विधायकों, विधानसभा प्रत्याशियों, पूर्व जिलाध्यक्षों, नगर निकाय प्रतिनिधियों, एआईसीसी-पीसीसी सदस्यों, जिला व ब्लॉक पदाधिकारियों समेत कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से कार्यक्रमों में शामिल होने की अपील की है.