लखनऊ. उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले योगी सरकार आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को बड़ा तोहफा देने की तैयारी में है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार (8 सितंबर 2026) को अयोध्या में मानदेय बढ़ाने का ऐलान कर सकते हैं. प्रस्तावित बढ़ोतरी के तहत आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय 4 हजार रुपये और सहायिकाओं का 2 हजार रुपये बढ़ाया जाएगा.
इसे भी पढ़ें- यूपी में बारिश-बाढ़ का कहर जारी, 49 जिलों में अलर्ट; लखनऊ-बरेली में जलभराव से आफत
3.28 लाख से अधिक परिवारों पर सीधा असर
प्रदेश में करीब 1.89 लाख आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और 1.39 लाख सहायिकाएं हैं. मानदेय बढ़ोतरी से करीब 3.28 लाख से अधिक परिवारों को सीधा आर्थिक लाभ मिलने की उम्मीद है. सरकार के इस फैसले को चुनाव से पहले महिला कर्मचारियों को साधने की रणनीति के तौर पर भी देखा जा रहा है.
71 हजार से ज्यादा नई भर्तियां
महिला एवं बाल कल्याण मंत्री बेबी रानी मौर्य के मुताबिक प्रदेश में 71,310 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की भर्ती की गई है. इनमें 21,804 कार्यकर्ता और 49,506 सहायिकाएं शामिल हैं. मंगलवार को अयोध्या में नवनियुक्त कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र भी सौंपे जाएंगे.
अयोध्या में 15 हजार महिलाएं जुटेंगी
मुख्य समारोह अयोध्या के जीआईसी मैदान में होगा, जहां करीब 12 से 15 हजार आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के पहुंचने की उम्मीद है. राशन वितरण से जुड़ी स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं भी कार्यक्रम में शामिल होंगी. प्रदेश के अन्य जिलों में भी समानांतर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
इसे भी पढ़ें- ‘DM अंकल, बिजली दिला दो…’ बच्चे का वीडियो वायरल होते ही एक्शन में प्रशासन, बिजली विभाग में मचा हड़कंप
योगी का तीन घंटे का अयोध्या दौरा
मुख्यमंत्री योगी मंगलवार को करीब तीन घंटे अयोध्या में रहेंगे. दोपहर 2:50 बजे वह जीआईसी मैदान पहुंचेंगे और नियुक्ति पत्र वितरण, सम्मान समारोह के साथ मानदेय बढ़ोतरी का ऐलान करेंगे. शाम 4 बजे वह रामकथा पार्क हेलीपैड जाएंगे. इसके बाद हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन और श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के दर्शन व आरती करेंगे. शाम 5 बजे वह लखनऊ रवाना होंगे.



