Rahul Gandhi MP Visit: लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज बालाघाट पहुंचे जहां उन्होंने मृतक बच्चों के परिजनों से मुलाकात की। जगला गांव में पीड़ित परिवार के बीच वह करीब 30 मिनट तक रहे और उनकी समस्याएं सुनीं। राहुल ने आदिवासी परिवार से मुलाकात के बाद कांग्रेस की सरकार बनते ही सारी समस्याओं का खात्मा करने और उनके मुद्दे लोकसभा में उठाने का वादा किया। वहीं उनके दौरे को लेकर प्रदेश में जमकर सियासत शुरू हो गई।
बैगा आदिवासी परिवारों से मिले राहुल
शब्बीर अहमद,भोपाल। राहुल गांधी बैहर विधानसभा के जगला गांव पहुंचे और जमीन पर बैठकर की बैगा आदिवासी से बातचीत की। राहुल गांधी उन परिवारों से मिले जिनके परिवार में बच्चों की मौतें हुई लेकिन मुआवजा नहीं मिला। आदिवासी बच्चे को राहुल गांधी ने गोद में उठाया और परिवारों की समस्या सुनी। बैगा आदिवासी परिवारों से मुलाकात के बाद राहुल गांधी ने कहा, ‘बहुत सारे बच्चों की मौत हुई है। सरकार ने सुविधाएं नहीं दी। स्वास्थ्य-शिक्षा यहां कुछ नहीं है।
हिंदुस्तान के बीच में आदिवासियों को छोड़ दिया गया है। इनकी जमीन का मुद्दा, पट्टे का मुद्दा है। बच्चे मरे लेकिन मुआवजा तक नहीं मिला। सरकार जिम्मेदारी पूरी करे। आप 24 घंटे विकास की बात करते हो, लेकिन भ्रष्टाचार होता है। सरकार को आदिवासियों को स्कूल अस्पताल देना चाहिए। एक योजना में पैसा मिल रहा है तो दूसरी योजना का लाभ नहीं मिल रहा। जैसे ही हमारी सरकार आएगी हम मदद करेंगे। फॉरेस्ट राइट एक्ट लागू करेंगे। हम इन्हें वनवासी नहीं कहते। एमपी की सरकार फेल हो चुकी है। लोकसभा में पूरे देश के आदिवासियों का मुद्दा उठाऊंगा।’
राहुल के दौरे पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष का तंज
शिखिल ब्यौहार, भोपाल। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने राहुल गांधी के दौरे को लेकर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी विपक्ष के नेता हैं। बालाघाट में नक्सलवाद किसके शासनकाल में फैला ? कावरे हत्याकांड में परिजनों से वह क्यों नहीं मिलते? नक्सलवाद का खात्मा बीजेपी ने किया। अमित शाह ने रणनीति बनाई। आज बालाघाट पीछे है तो कांग्रेस जिम्मेदार है। लीखीराम कावरे हत्याकांड में क्या किया ?
कांग्रेस बोली- राहुल का नाम लिए बिना BJP को नहीं आती नींद
भाजपा के बयानों पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मानक अग्रवाल ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि अब राहुल गांधी के नाम के बिना बीजेपी के नेताओं को नींद नहीं आती। राहुल गांधी के नाम का बीजेपी को फोबिया हो गया है। राहुल गांधी सच की बात कर रहे और जनता का समर्थन मिल रहा। देश की विभिन्न परिस्थितियों को लेकर जो राहुल गांधी ने कहा वही हुआ। राहुल गांधी के नाम से अब बीजेपी डरने लगी है।
डिप्टी सीएम ने राहुल के दौरे को कहा पॉलिटिकल टूरिज्म
राकेश चतुर्वेदी, भोपाल। डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला ने राहुल गांधी के दौरे को नाटकीय और पॉलिटिकल टूरिज्म बताया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने बालाघाट में वही किया जिसकी उम्मीद थी। वो बेहद अगंभीर थे। घटना के 3 महीने बाद राहुल का पॉलिटिकल टूरिज्म था। उन्होंने साबित किया कि वो उसी कांग्रेस का नेतृत्व कर रहे हैं जिसके काम में नक्सलवाद को सबसे ज्यादा बढ़ावा मिला। UPA काल में नक्सलवाद खूब फला फूला है। मध्यप्रदेश में नक्सलियों ने दिग्विजय सरकार के गृहमंत्री को घर में घुसकर मारा डाला था। राहुल गांधी को प्रधानमंत्री को नक्सलमुक्त करने के लिए धन्यवाद करना चाहिए।
डिप्टी सीएम ने आगे कहा कि पीएम मोदी, अमित शाह और मोहन यादव ने नक्सलमुक्त इसलिए करने का प्रयास किया था ताकि बुनियादी सुविधाएं वहां तक पहुंच सके। बैगा, भारिया सहरिया के लिए पीएम जनमन योजना काम कर रही है। जहां लाल झंडे लहराते थे वहां 4G-5G नेटवर्क के टावर लग रहे हैं।
बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई जा रही है। वहां नए आंगनवाड़ी केंद्र खोले गए हैं। प्राइमरी स्वस्थ केंद्र का उन्नयन किया जा रहा है। 45 हजार महिलाओं बच्चों की स्क्रीनिंग की गई है। राहुल गांधी ने एक शब्द भी नहीं निकाला।
उन्होंने ककहा कि जिनके पास समस्याओं का समाधान नहीं होता वो खुद समस्या होते हैं। उनके शासन काल में पशुपतिनाथ से तिरुपति तक रेड कॉरिडोर था। जिस पार्टी ने ये खत्म किया आप वहां उसी सरकार को कठघरे में खड़ा कर रहे हैं। कांग्रेस शासन काल में मध्यप्रदेश बीमारू राज्य था। आज लोग कहते हैं कई मामलों में मध्यप्रदेश नंबर 1 राज्य है। शिक्षा, स्वस्थ, नेटवर्क सुदूर इलाकों में पहुंचने का काम कर रहे हैं। राहुल गांधी आप नेता प्रतिपक्ष हैं अपनी भूमिका निभाना चाहिए। आपने कहा इस मुद्दे को लोकसभा में ले जाएंगे। सब जानते हैं जब से राहुल गांधी नेता प्रतिपक्ष बने हैं तब से लोकसभा चल नहीं पा रही, डिबेट नहीं हो पा रहे।
आपने लाडली बहना योजना पर सवाल खड़े किए। ये बताएं कि ये योजना किसने शुरू की? मध्यप्रदेश की जनता 2003 के पहले का प्रदेश भूली नहीं है। आपकी सरकार बनेगी ये ख्याल छोड़ दीजिए। घटना के बाद खुद मुख्यमंत्री वहां पहुंचे। हमने मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर तत्काल स्थापित किया। अगर आप संवेदनशील थे तो घटना के तुरंत बाद पहुंचना चाहिए था। राहुल गांधी की जानकारी अधूरी है। कांग्रेस के स्थानीय नेता उन्हें गलत जानकारी देते हैं।
बालाघाट दौरे पर आए राहुल गांधी को लेकर एमपी के शिक्षा मंत्री ने दिए तीखे बयान
दीपक कौरव, नरसिंहपुर। मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बालाघाट दौरे को लेकर उन पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। स्कूल शिक्षा मंत्री ने राहुल गांधी के इस दौरे को महज़ एक ‘पर्यटन’ करार दिया है।
मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने राहुल गांधी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि वे बालाघाट सिर्फ कमियां निकालने गए थे। मंत्री ने कहा कि राहुल माटे गांव के एक स्कूल में गए, यह सोचकर कि स्कूल टूटा-फूटा होगा, लेकिन वहां की अच्छी व्यवस्था, पढ़ते बच्चे और शिक्षकों को देखकर उन्होंने एक शब्द भी तारीफ का नहीं कहा।

मंत्री ने लाडली बहना योजना पर राहुल के सवालों का जवाब देते हुए याद दिलाया कि कांग्रेस ने अपने 50-55 साल के शासन में कोई सुविधा नहीं दी। उन्होंने कहा कि आज जब पीएम मोदी और सीएम मोहन यादव के नेतृत्व में विकास हो रहा है, तो उन्हें सिर्फ आलोचना करनी है। मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने साफ कर दिया कि राहुल गांधी की इसी ‘हल्की राजनीति’ की वजह से देश की जनता उन पर भरोसा नहीं करती।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

