रायबरेली. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और रायबरेली सांसद राहुल गांधी मंगलवार (8 सितंबर 2026) को अपने दो दिवसीय दौरे पर रायबरेली पहुंचे. कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कई जगह ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया. दौरे के दौरान राहुल गांधी ने व्यापारियों और अलग-अलग वर्गों के प्रतिनिधिमंडलों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं.

इसे भी पढ़ें- उमेश पाल हत्याकांड: कोर्ट में भावुक हुईं जया पाल, बोलीं- ‘सोशल मीडिया पर मिल रही जान से मारने की धमकी’

आर्थिक नीतियों को लेकर केंद्र पर हमला

राहुल गांधी ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर निशाना साधते हुए कहा कि इनका सबसे ज्यादा असर छोटे और मध्यम कारोबारियों पर पड़ा है. उन्होंने कहा कि व्यापारी वर्ग महंगाई, मंदी और बाजार में घटती मांग से परेशान है.

‘बीजेपी का साथ देने की सजा भुगत रहा व्यापारी’

राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री की हालिया आभूषण नहीं खरीदने संबंधी अपील को भी गैरजरूरी बताया. उन्होंने कहा कि पहले से आर्थिक मुश्किलों का सामना कर रहे कारोबारियों के लिए इस तरह के बयान उनकी चिंता और बढ़ाते हैं. राहुल ने दावा किया कि लंबे समय तक बीजेपी का समर्थन करने वाला व्यापारी वर्ग अब उसकी नीतियों से परेशान है.

सर्राफा कारोबारियों ने बताई समस्याएं

प्रभु टाउन में सर्राफा व्यापारी फाना त्रिवेदी के आवास पर हुई बैठक में व्यापारियों ने सोने-चांदी के कारोबार में गिरावट, महंगाई और लोगों की घटती क्रयशक्ति का मुद्दा उठाया. राहुल गांधी ने उनकी समस्याएं सुनते हुए कहा कि कांग्रेस व्यापारियों की आवाज सड़क से संसद तक उठाएगी.

इसे भी पढ़ें- यूपी में बारिश-बाढ़ का डबल अटैक, 23 जिलों में अलर्ट; 26 जिलों में 3.5 लाख लोग प्रभावित

केमिस्ट एसोसिएशन ने ऑनलाइन बिक्री का मुद्दा उठाया

भुएमऊ गेस्ट हाउस में राहुल गांधी ने केमिस्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल से भी मुलाकात की. दवा कारोबारियों ने ऑनलाइन माध्यम से बिना चिकित्सकीय पर्चे के दवाओं की बिक्री का मुद्दा उठाया. उनका कहना था कि इससे पारंपरिक दवा कारोबार प्रभावित हो रहा है. राहुल गांधी का रायबरेली दौरा बुधवार को भी जारी रहेगा.