लखनऊ. उत्तर प्रदेश में मानसूनी बारिश और बाढ़ का संकट अभी टला नहीं है. बुधवार को वाराणसी-प्रयागराज समेत 23 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी यूपी से मानसूनी बादल हट गए हैं, जबकि पूर्वी यूपी में बारिश का दौर जारी है. लगातार बारिश और बांधों से छोड़े गए पानी के कारण गंगा, यमुना समेत 10 से ज्यादा नदियां उफान पर हैं. करीब 26 जिलों में 3.5 लाख आबादी बाढ़ से प्रभावित है.

इसे भी पढ़ें- डॉक्टरों की कमी होगी दूर! UP में रिटायरमेंट के बाद 70 साल तक सेवा दे सकेंगे डॉक्टर, जल्द जारी होगा आदेश

23 जिलों में बारिश का अलर्ट

मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार मध्य यूपी में कम दबाव का क्षेत्र बना है और मानसूनी हवाओं की पट्टी भी गुजर रही है. इसके प्रभाव से नेपाल सीमा से लगे उत्तरी जिलों में आज बहुत भारी बारिश हो सकती है. अगले 48 घंटे पूर्वी यूपी के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश के आसार हैं.

स्कूल बंद, होमगार्ड PET की तारीख बदली

बारिश को देखते हुए लखीमपुर और बरेली में कक्षा आठ तक के स्कूल बंद कर दिए गए हैं. वाराणसी में प्री-प्राइमरी से कक्षा पांच तक स्कूल बंद रहेंगे. वहीं कक्षा 6 से 12 तक की पढ़ाई सुबह 9 से दोपहर 3 बजे तक होगी. यूपी होमगार्ड भर्ती की PET भी 8 सितंबर के बजाय अब 14 सितंबर से शुरू होगी.

फर्रुखाबाद-उन्नाव में बाढ़ से हालात गंभीर

फर्रुखाबाद में गंगा खतरे के निशान से ऊपर है. कायमगंज, अमृतपुर और सदर तहसील के 111 गांव पानी से घिरे हैं और 23 हजार परिवार प्रभावित हैं. डीएम और एसपी ने चितार गांव पहुंचकर राहत सामग्री बांटी. उन्नाव में गंगा की कटान से सड़क का हिस्सा बह गया है.

इसे भी पढ़ें- CM योगी से मिली ‘हनुमान अंश’ की टीम, फिल्म की आध्यात्मिक कहानी पर हुई खास चर्चा

बलिया से गोंडा तक तबाही

बलिया में गंगा और सरयू का पानी घरों में घुस गया है. उन्नाव में गलियों में नाव चल रही हैं. गोंडा में बाढ़ के पानी के साथ मगरमच्छ रिहायशी इलाके में पहुंच गया. बरेली में अरिल नदी में बाइक सवार तीन लोगों के बहने के बाद बचाव अभियान जारी है. चित्रकूट में मंदाकिनी बाढ़ का भी प्रशासन ने जायजा लिया.