प्रयागराज. उमेश पाल हत्याकांड को लेकर प्रयागराज की जिला अदालत में मंगलवार (8 सितंबर 2026) को बहस शुरू हुई. उमेश पाल की पत्नी जया पाल दोपहर करीब 3:15 बजे एससी/एसटी कोर्ट पहुंचीं और अपना बयान दर्ज कराया. कोर्ट के बाहर उन्होंने अपनी जान को खतरा बताते हुए गंभीर आरोप लगाए.
इसे भी पढ़ें- CM योगी से मिली ‘हनुमान अंश’ की टीम, फिल्म की आध्यात्मिक कहानी पर हुई खास चर्चा
‘RDX से उड़ाने’ की धमकी का दावा
जया पाल ने कहा कि उन्हें सोशल मीडिया के जरिए जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं. उन्होंने दावा किया कि पोस्ट के जरिए उन्हें आरडीएक्स से उड़ाने की धमकी दी गई है. वह धमकी वाले सोशल मीडिया पोस्टर भी अपने साथ लेकर अदालत पहुंची थीं.
गुड्डू मुस्लिम समेत आरोपियों पर उठाए सवाल
जया पाल ने सवाल उठाया कि उमेश पाल हत्याकांड के आरोपी गुड्डू मुस्लिम, साबिर और अरमान अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर क्यों हैं? उन्होंने आरोप लगाया कि अतीक गैंग से जुड़े कुछ लोग अब भी सक्रिय हैं और उनकी रेकी कर रहे हैं.
जया ने पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया से मुलाकात कर धमकी देने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की. उन्होंने सुरक्षा बढ़ाने के लिए प्रार्थना पत्र और सीसीटीवी फुटेज भी दिए. कोर्ट ने पुलिस कमिश्नर को तत्काल सुरक्षा बढ़ाने का आदेश दिया.
पति की हत्या का मंजर याद कर भावुक हुईं
जया पाल ने कहा कि अदालत पहुंचने पर उन्हें पति की हत्या का पूरा मंजर याद आ रहा है. उन्होंने कहा कि जिस तरह उमेश पाल की हत्या हुई, उन्हें भी अपनी जान का डर है. उन्होंने सोशल मीडिया पर चल रही पोस्टों को लेकर भी चिंता जताई.
इसे भी पढ़ें- यूपी में बारिश-बाढ़ का डबल अटैक, 23 जिलों में अलर्ट; 26 जिलों में 3.5 लाख लोग प्रभावित
24 फरवरी 2023 को हुई थी दिनदहाड़े हत्या
उमेश पाल और उनके दो सरकारी गनर की 24 फरवरी 2023 को प्रयागराज में गोली और बम मारकर हत्या कर दी गई थी. उमेश पाल 2005 के बसपा विधायक राजू पाल हत्याकांड के प्रमुख गवाह थे. इस मामले में अतीक अहमद, अशरफ, असद और उनके करीबियों पर साजिश और हत्या के आरोप लगे थे. जया पाल इससे पहले 1 सितंबर को भी कोर्ट में बयान दर्ज करा चुकी हैं.



