Bihar News: बिहार में सियासत से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल नालंदा के बिहारशरीफ से पूर्व विधायक रहे नौशाद उल नबी उर्फ पप्पू खान के आवास पर पुलिस ने छापेमारी की है। वेना थाना पुलिस ने आज गुरुवार की दोपहर पप्पू खान के बिहार थाना क्षेत्र के गढ़पर स्थित आवास पर यह छापेमारी की है। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही पप्पू खान अपनी पत्नी आफरिन सुल्ताना के साथ मौके से फरार हो गए।
पहुंची थी कई थानों की पुलिस
पुलिस की इस छापेमारी के दौरान पूरे इलाके में अफरातफरी का माहौल हो गया। बता दें कि यह छापेमारी सदर एसडीपीओ-2 संजय कुमार जायसवाल के नेतृत्व में की गई है। इस छापेमारी में वेना थाने समेत रहुई, हरनौत, चेरो और बिहार थाने की पुलिस शामिल थी।
जमीन कब्जा करने का आरोप
छापेमारी को लेकर एसडीपीओ-2 संजय कुमार जायसवाल ने बताया कि पूर्व विधायक पप्पू खान और उनकी पत्नी पर फर्जी तरीके से कागजात तैयार कर दूसरे की जमीन कब्जा करने का गंभीर आरोप है। इस संबंध में उनके खिलाफ वेना थाने में एक शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके तहत यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि, जांच के क्रम में प्रथम दृष्टया उन दोनों पर लगे आरोप सही पाए गए हैं, जिसके आधार पर दोनों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की गई। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही दोनों घर से फरार हो चुके थे।
2023 में दर्ज हुआ था मुकदमा
सदर एसडीपीओ-2 संजय कुमार जायसवाल के मुताबिक, साल 2020-21 में हुए एक जमीन सौदे को लेकर पूरा विवाद शुरू हुआ था। आरोप है कि पप्पू खान ने साजिश के तहत फर्जी कागजात तैयार कर एक कीमती जमीन की रजिस्ट्री अपनी पत्नी आफरीन सुल्ताना के नाम करा ली। इसी मामले में वर्ष 2023 में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
पुलिस की छापेमारी जारी
वहीं, पुलिस की कार्रवाई जारी है। टीम ने आरोपियों के घर पर छापेमारी की, लेकिन दोनों नामजद फिलहाल फरार हैं। एसडीपीओ ने बताया कि उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और कानून के मुताबिक आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी।
2025 में खारिज हुआ था नामांकन
बता दें कि नौशाद उल नबी उर्फ पप्पू खान राजद के पूर्व नेता रहे हैं। 2025 के विधानसभा चुनाव में पार्टी से टिकट नहीं मिलने के बाद पप्पू खान ने पार्टी से बगावत करते हुए निर्दलीय पर्चा दाखिल किया था। इसके साथ ही उनकी पत्नी आफरीन सुल्ताना ने भी नामांकन दाखिल किया था। हालांकि जांच के क्रम में चुनाव आयोग ने दोनों का नामांकन खारिज कर दिया था।
ये भी पढ़ें- ‘पटना में अधिकारियों और नेताओं परोसी जा रही हैं लड़कियां’, पप्पू यादव का सनसनीखेज आरोप
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

