चक्रधरपुर। रेलवे ट्रैक की मरम्मत और पुराने ट्रैक-स्लीपरों को बदलने के लिए चक्रधरपुर रेल मंडल में सितंबर से नवंबर तक लगातार काम किया जाएगा। इसके लिए कंसबहाल-धरुअडीह रेलखंड पर निर्धारित दिनों में 5 घंटे 30 मिनट का टीआरटी ब्लॉक लिया जाएगा।
रेल मंडल के अनुसार डाउन लाइन पर प्रत्येक शुक्रवार और अप लाइन पर प्रत्येक मंगलवार को ब्लॉक रहेगा। डाउन लाइन के लिए 4, 11, 18, 25 सितंबर, 2, 9, 16, 23, 30 अक्टूबर और 6, 13 नवंबर की तारीख तय की गई है। वहीं अप लाइन पर 1, 8, 15, 22, 29 सितंबर, 6, 13, 20, 27 अक्टूबर तथा 3, 10, 17 नवंबर को ब्लॉक लिया जाएगा।
टीआरटी मशीन से बदले जाएंगे पुराने ट्रैक
ब्लॉक के दौरान ट्रैक रिलेइंग ट्रेन (टीआरटी) मशीनों की मदद से पुराने रेल ट्रैक और स्लीपरों को बदला जाएगा। इसके साथ ही ट्रैक का जरूरी रखरखाव और मरम्मत कार्य भी किया जाएगा।
हर महीने 9 दिन प्रभावित रहेगा रेल परिचालन
ट्रैक ब्लॉक के चलते चक्रधरपुर मंडल में रेल परिचालन प्रभावित होगा। टाटानगर और राउरकेला से जुड़ी 6 जोड़ी महत्वपूर्ण ट्रेनें निर्धारित दिनों में रद्द रहेंगी। हर महीने करीब 9 दिनों तक ट्रेनों के रद्द रहने से यात्रियों की परेशानी बढ़ सकती है।
रेलवे के इस कार्य का उद्देश्य ट्रैक को सुरक्षित और बेहतर बनाना है, लेकिन ब्लॉक की अवधि में यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना ट्रेन के संशोधित शेड्यूल के अनुसार बनानी होगी।


