आगरा-झांसी रेलवे ट्रैक पर जाजऊ स्टेशन के पास झेलम एक्सप्रेस की चपेट में आने से रेलवे जेई मनोज सैनी गंभीर रूप से घायल हो गए. इलाज के दौरान एसएन मेडिकल कॉलेज में उनकी मौत हो गई.

आगरा. मंगलवार देर शाम जाजऊ रेलवे स्टेशन के पास झेलम एक्सप्रेस की चपेट में आने से रेलवे के जूनियर इंजीनियर मनोज सैनी की मौत हो गई. हादसा करीब शाम साढ़े पांच बजे हुआ, जब वे पैदल डाउन ट्रैक पर जा रहे थे.

हादसे में मनोज सैनी के दोनों पैर धड़ से अलग हो गए. सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस और रेलवे कर्मचारियों ने उन्हें गंभीर हालत में सैंया के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया.

इलाज के दौरान मौत

एसएन मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मनोज सैनी की हालत बिगड़ गई और शाम करीब सात बजे उन्होंने दम तोड़ दिया. हादसे की जानकारी मिलने के बाद उनके परिवार में कोहराम मच गया.

जानकारी के मुताबिक, मनोज सैनी रेलवे के एफएमआई विभाग में अवर अभियंता के पद पर तैनात थे. वह ब्लॉक लेकर काम कर रहे थे और मशीन से उतरने के बाद डाउन ट्रैक पर पैदल चल रहे थे, इसी दौरान पीछे से आ रही झेलम एक्सप्रेस की चपेट में आ गए.

टक्कर के बाद वह उछलकर ट्रैक पर जा गिरे और ट्रेन उनके पैरों के ऊपर से गुजर गई. हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें घायल अवस्था में ट्रैक पर देखा.

चंदौसी के निवासी थे

आगरा रेल मंडल के पीआरओ संजय कुमार गौतम ने बताया कि झेलम एक्सप्रेस की चपेट में आने से रेलवे जेई मनोज सैनी की मौत हुई है. उन्होंने बताया कि मनोज सैनी मूल रूप से चंदौसी के निवासी थे और उनका हेडक्वार्टर आगरा में था.

रेलवे प्रशासन ने घटना की विस्तृत जांच के निर्देश जारी कर दिए हैं.