चक्रधरपुर। त्योहारी सीजन में रेल यात्रियों की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। दक्षिण पूर्व रेलवे ने चक्रधरपुर रेल मंडल में होने वाले प्री-एनआई और नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य को लेकर नई अधिसूचना जारी की है। 4 से 19 अक्टूबर के बीच बंडामुंडा डी केबिन में होने वाले इस कार्य के कारण मंडल से गुजरने और यहां से खुलने वाली 44 मेमू, पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेनों का परिचालन अलग-अलग तारीखों में रद्द रहेगा।
इसके अलावा दो एक्सप्रेस ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा। दुर्गापूजा और अन्य त्योहारों के दौरान ट्रेनों के रद्द रहने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
पांचवीं रेल लाइन को मेन लाइन से जोड़ने का काम
दक्षिण पूर्व रेलवे के मुताबिक, बंडामुंडा ए केबिन-राउरकेला सेक्शन के बीच बिछाई गई पांचवीं रेल लाइन को मेन लाइन से जोड़ने का काम किया जाना है। इसके लिए बंडामुंडा डी केबिन पर प्री-एनआई और नॉन-इंटरलॉकिंग का कार्य कराया जाएगा।रेल प्रशासन ने इसे निर्धारित अवधि में पूरा करने की तैयारी की है। इसी वजह से ट्रेनों के परिचालन में व्यापक बदलाव किया गया है।
राउरकेला, झारसुगुड़ा और चक्रधरपुर से प्रभावित होंगी ट्रेनें
कार्य के कारण राउरकेला, झारसुगुड़ा और चक्रधरपुर स्टेशनों से खुलने या इन स्टेशनों से होकर गुजरने वाली कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा।
इनमें मेमू, पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेनें शामिल हैं। अलग-अलग ट्रेनों को अलग-अलग तारीखों में रद्द किया गया है, जबकि दो एक्सप्रेस ट्रेनों को उनके निर्धारित मार्ग के बजाय दूसरे रूट से चलाने का निर्णय लिया गया है।
त्योहार के समय बढ़ेगी यात्रियों की परेशानी
4 से 19 अक्टूबर के बीच दुर्गापूजा समेत त्योहारों का सीजन रहेगा। ऐसे में ट्रेनों में पहले से ही यात्रियों की भीड़ बढ़ने की संभावना है। बड़ी संख्या में लोग अपने घर और दूसरे शहरों की यात्रा करते हैं।
ऐसे में 44 ट्रेनों के रद्द होने से यात्रियों को वैकल्पिक ट्रेन, बस या अन्य साधनों का सहारा लेना पड़ सकता है। यात्रियों के लिए जरूरी है कि सफर से पहले अपनी ट्रेन के रद्द होने या रूट बदलने की जानकारी रेलवे से जरूर जांच लें।

