अजय सैनी, भिवानी. रेलवे के पेंशनभोगी कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है, जहां उत्तर पश्चिम रेलवे के बीकानेर मंडल द्वारा राष्ट्रव्यापी डिजिटल जीवन प्रमाण अभियान 5.0 के तहत भिवानी में मेगा कैंप आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।

इस अभियान के अंतर्गत पेंशनभोगियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बीकानेर मंडल ने ड्यूटी कार्यक्रम जारी कर दिया है, जिसके तहत 5 नवंबर और 12 नवंबर को भिवानी में विशेष व्यवस्था रहेगी, ताकि सभी सेवानिवृत्त कर्मचारी बिना किसी परेशानी के डिजिटल माध्यम से अपना जीवन प्रमाण पत्र जमा करवा सकें।

इस संबंध में जानकारी देते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे भिवानी के मुख्य कर्मचारी एवं कल्याण निरीक्षक कल्ला राम मीना ने बताया कि इस विशेष मेगा कैंप का मुख्य उद्देश्य वरिष्ठ पेंशनभोगियों को डिजिटल तकनीक से जोड़ते हुए उनके जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की प्रक्रिया को बेहद सरल, पारदर्शी और सुगम बनाना है, जिससे उन्हें बैंकों या दफ्तरों के बार-बार चक्कर न काटने पड़ें।

उन्होंने सभी पेंशनधारकों से अपील की कि वे निर्धारित तिथियों पर आयोजित होने वाले इस शिविर में पहुंचकर डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र की इस आधुनिक सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।