भुवनेश्वर। ओडिशा के बालासोर जिले के सोरो रेलवे स्टेशन पर रेलवे पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक बड़ा कदम उठाया है। पुलिस ने बिना टिकट यात्रा कर रहे 27 नाबालिग छात्र-छात्राओं का रेस्क्यू किया है। ये सभी बच्चे अंगुल में एक धार्मिक सभा में शामिल होने जा रहे थे।
मिली जानकारी के अनुसार, रेस्क्यू किए गए बच्चों में 19 लड़कियां और 8 लड़के शामिल हैं, जिनकी उम्र 9 से 15 वर्ष के बीच है। ये बच्चे मयूरभंज जिले के कपटीपदा थाना अंतर्गत तुलुगदिया, औपदा और ढेंकनाल जैसे अलग-अलग इलाकों के रहने वाले हैं। इन सभी को अंगुल में आयोजित तीन दिवसीय धार्मिक बैठक में हिस्सा लेने के लिए ले जाया जा रहा था।
खबरों के मुताबिक, एक युवक इन बच्चों को बस के जरिए तुलुगदिया से सोरो स्टेशन लाया था, और वहां से अंगुल जाने वाली ट्रेन का इंतजार कर रहा था। रूटीन चेकिंग के दौरान रेलवे पुलिस को इस समूह पर शक हुआ, क्योंकि उनके पास टिकट नहीं थे। जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो बच्चों ने बताया कि उन्हें धार्मिक प्रवचन और प्रार्थना सभा सुनने के लिए अंगुल ले जाया जा रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत बालासोर चाइल्ड हेल्पलाइन (Child Helpline) को सूचना दी गई। हेल्पलाइन के सदस्य तुरंत मौके पर पहुंचे और सभी 27 बच्चों को सुरक्षित अपनी कस्टडी में ले लिया। वहीं, नाबालिगों के साथ जा रहे युवक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है। इतनी बड़ी संख्या में नाबालिग बच्चों को बिना किसी वैध दस्तावेज, टिकट या अभिभावकों की लिखित सहमति के ले जाने के पीछे का असली मकसद क्या था, पुलिस इसकी गहनता से जांच कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

