Pujab Desk, जालंधर. पंजाब में बीते दिन से मौसम ने अचानक करवट ले ली है। इस दौरान जालंधर, लुधियाना सहित आसपास के कई इलाकों में सुबह के समय काले बादल छाने से अंधेरा हो गया। वहीं जालंधर, लुधियाना और फरीदकोट में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हो रही है। इसके बाद लोगों को गर्मी से राहत मिली है और तापमान में भी गिरावट पाई जा रही है। बारिश से लोगो को राहत मिली लेकिन किसानों की चिंता बढ़ गई है।

सभी जिलों में बारिश का अलर्ट जारी

मौसम विभाग द्वारा आज पंजाब के सभी जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। विभाग के अनुसार सभी जिलों में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं चंडीगढ़ में भी बारिश के आसार हैं। इसके साथ ही विभाग ने कल यानि 12 अक्टूबर को भी तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश के आसार जताए हैं। अचानक बदले मौसम के बाद लोगों को गर्मी से राहत मिली है। वहीं आज हो रही झमाझम बारिश के बाद ठंड की शुरूआत के भी आसार दिख रहे हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में लोगों को मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।

किसानों की बढ़ी चिंता

जिला गुरदासपुर और आस-पास के इलाकों में भारी बारिश की वजह से किसानों की चिंता बढ़ गई है। पहले से ही कई तरह की दिक्कतों से जूझ रहे किसानों के लिए खराब मौसम एक नई चिंता बन गया है। बारिश की वजह से जहां पकी और खड़ी धान की फसल पर असर पड़ने का डर है, वहीं खेतों में नमी और पानी भरने की वजह से पराली की गांठें बनाने का काम भी रुक गया है।

फसलों की कटाई को लेकर किसान चिंता

किसानों के मुताबिक, धान की कटाई के बाद खेतों में पड़ी पराली को इकट्ठा करके उसकी गांठें बनाने का काम जोरों पर चल रहा था। इस काम के जरिए किसान पराली का सही मैनेजमेंट करने के साथ-साथ गेहूं की बुआई के लिए खेतों को तैयार करने में भी लगे हुए थे। वहीं तैयार फसलों की कटाई को लेकर किसान चिंता में हैं, फसल बिछ जाने के कारण उसकी कटाई करना मुश्किल होगा।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H