अनमोल मिश्रा, चित्रकूट/ सतना। एमपी के सतना में पिछले 24 घंटे से बारिश नहीं होने से बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों ने राहत की सांस ली है। पांच दिनों तक हुई मूसलाधार बारिश के बाद चित्रकूट की मंदाकिनी और कोटर क्षेत्र की सेमरावल नदी समेत नदी-नाले अब सामान्य स्थिति में पहुंच गए हैं। इससे जनजीवन भी तेजी से पटरी पर लौट रहा है।

शनिवार सुबह 9 बजे आरोग्य धाम में मंदाकिनी नदी का जलस्तर 135.98 मीटर दर्ज किया गया, जो सामान्य स्थिति में है। नदी का जलस्तर घटने के बाद पिछले छह दिनों से राहत और बचाव कार्य में जुटे प्रशासनिक अमले ने अब सफाई अभियान तेज कर दिया है।

मुख्य मार्ग के बाद गलियों से हटाई जा रही सिल्ट

चित्रकूट के बाढ़ प्रभावित मोहल्लों और गलियों में पिछले दो दिनों से जमा सिल्ट और कीचड़ हटाने का काम युद्धस्तर पर चल रहा है। मुख्य मार्गों की सफाई के बाद अब भरत घाट और आरोग्य धाम क्षेत्र में भी सफाई शुरू कर दी गई है। प्रशासन की टीमें बाढ़ के बाद जमा मलबा और गंदगी हटाने में जुटी हैं।

पूर्वी मप्र में बारिश कमजोर, लेकिन खतरा पूरी तरह टला नहीं

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक पूर्वी मध्यप्रदेश में बना मौसम सिस्टम अब पश्चिमी मध्यप्रदेश की ओर बढ़ गया है। इसके चलते पूर्वी हिस्से में बारिश की गतिविधियां कमजोर हुई हैं और फिलहाल राहत मिली है। हालांकि मौसम पूरी तरह साफ होने के आसार नहीं हैं। आने वाले दिनों में बादलों की आवाजाही के साथ कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। यानी बारिश का सिलसिला पूरी तरह थमने की संभावना नहीं है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m