मुंबई बारिश, खुले मैनहोल, और लापरवाही एक बार फिर बड़ी त्रासदी की वजह बने हैं। साकीनाका इलाके में भारी बारिश के बीच एक 60 वर्षीय व्यक्ति की खुले मैनहोल में गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना ने मानसून के दौरान शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मृतक की पहचान यादव नगर निवासी असलम इसाक शेख (60) के रूप में हुई है। यह हादसा दोपहर करीब 12:30 बजे खैरानी रोड पर हुआ, जो अंधेरी-साकीनाका और जोगेश्वरी को कुर्ला-घाटकोपर से जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क पर मरम्मत कार्य के लिए तीन निजी ठेका कर्मचारियों ने मैनहोल का ढक्कन हटाया हुआ था। इसी दौरान असलम मोबाइल पर बात करते हुए वहां से गुजर रहे थे और खुले मैनहोल में गिर गए।

बचाव की कोशिश नाकाम, तेज बहाव में बह गए असलम

हादसे के तुरंत बाद कर्मचारियों ने मैनहोल में सीढ़ी डालकर उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें केवल असलम का छाता और चप्पल ही मिल सके। भारी बारिश के कारण जल निकासी प्रणाली में पानी का बहाव इतना तेज था कि वह बह गए।

सूचना मिलते ही मुंबई दमकल विभाग और अन्य आपातकालीन एजेंसियों ने संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। करीब दो घंटे की तलाश के बाद असलम का शव नाले के अंदर मिला।

दहिसर में दूसरा हादसा टला

इसी दिन दहिसर इलाके में भी एक व्यक्ति नाले में जा गिरा, लेकिन पुलिस और बचाव दल ने समय रहते उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस घटना ने प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना भी दिलाई।

बारिश के साथ बढ़ रहे हादसे

मुंबई में मानसून की शुरुआत के साथ हादसों का सिलसिला भी तेज हो गया है। हाल ही में माटुंगा में निरीक्षण के दौरान एक BMC कर्मचारी मेयर रितु तावड़े के सामने खुले मैनहोल में गिर गया था, जिसे सुरक्षाकर्मियों ने सुरक्षित निकाल लिया। वहीं, चेंबूर में बारिश के दौरान एक जर्जर पेड़ स्कूल बस पर गिरने से 11 वर्षीय छात्र विहान श्रीवास्तव की मौत हो गई थी।

मुंबई में भारी बारिश, समुद्र से दूर रहने की चेतावनी

मुंबई में पिछले 24 घंटे में 172mm बारिश हुई। बृहन्मुंबई म्यूनिसिपल कॉर्पोरेशन (BMC) ने गुरुवार दोपहर समुद्र में करीब 15 फीट ऊंची लहरें उठने की चेतावनी दी है। लोगों को समुद्र से दूर रहने की सलाह दी गई है। मानसून ने गुरुवार को 7 दिन की देरी से राजस्थान और 5 दिन की देरी से दिल्ली में एंट्री ली। दिल्ली में आज सुबह से ही तेज बारिश हो रही है। राजस्थान के जयपुर-दौसा समेत 25 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m