रायपुर। रोटरी क्लब ऑफ रायपुर कॉस्मो दिवास द्वारा शहर के प्रतिष्ठित Maira रिसॉर्ट में ‘दिवास की दिवाली, बनारस वाली’ थीम पर एक भव्य और यादगार दीवाली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस उत्सव में क्लब की सदस्यों ने अपने परिवार के साथ पारंपरिक उत्साह, सांस्कृतिक भव्यता और रोटरी फेलोशिप का भरपूर आनंद लिया।

भव्य गंगा आरती और दीपदान रहा आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम की मुख्य विशेषता इसकी बनारसी थीम पर आधारित भव्य सजावट रही, जिसने धर्मनगरी काशी की अलौकिक छवि को जीवंत कर दिया। पारंपरिक और शालीन परिधानों में सजे-धजे अतिथियों ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। शाम का सबसे बड़ा आकर्षण अलौकिक गंगा आरती और उसके उपरांत हुआ दीपदान रहा। जलते हुए तैरते दीयों के शांत और विहंगम दृश्य ने सभी उपस्थित लोगों को अध्यात्म और आनंद से सराबोर कर दिया।

बनारसी व्यंजनों और खेलों का लुत्फ
समारोह में काशी के प्रसिद्ध खान-पान का विशेष तड़का देखने को मिला। लजीज बनारसी चाट और विशेष बनारसी पान के काउंटर अतिथियों के विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। इसके अलावा, कार्यक्रम में आयोजित ‘ तोता भविष्यवाणी’ सेक्शन और मनोरंजक खेलों ने हर उम्र के लोगों को जोड़े रखा और पूरे परिसर में हंसी-खुशी का माहौल बना रहा।

तनिष्क रहे गिफ्टिंग पार्टनर
इस उत्सव की खुशियों को दोगुना करते हुए तनिष्क (न्यू राजेंद्र नगर, रायपुर) ने इवेंट के ‘गिफ्टिंग पार्टनर’ के रूप में दिवास के लिए विशेष दीवाली उपहार प्रायोजित किए। क्लब ने तनिष्क के इस खास योगदान के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

समारोह को इतना भव्य और सुचारू रूप से सफल बनाने में कार्यक्रम की चेयरपर्सन्स रितु अग्रवाल और सृष्टि अग्रवाल की मुख्य भूमिका रही। उनकी सटीक व्यवस्थाओं और प्रबंधन के कारण यह आयोजन बेहद शानदार ढंग से संपन्न हुआ। यह आयोजन परंपरा, आध्यात्मिकता, बनारसी स्वाद और आपसी जुड़ाव का एक अद्भुत संगम रहा, जिसने सभी सदस्यों और उनके परिवारों को खुशियों से भरी अविस्मरणीय यादें दीं।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

