रायपुर। राजधानी रायपुर में झपटमारी की बढ़ती घटनाओं के बीच पुलिस ने बड़ी कार्रवाई का दावा किया है। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2026 के पिछले चार महीनों में झपटमारी के कुल 24 मामले दर्ज किए गए। इनमें से 20 मामलों में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए छीना गया सामान भी बरामद कर लिया है।

narayana

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक चेन स्नैचिंग के जनवरी में कोई मामला दर्ज नहीं हुआ, जबकि फरवरी में 3, मार्च में 1 और अप्रैल में 5 मामले सामने आए। इस तरह चार महीनों में चेन स्नैचिंग के कुल 9 मामले दर्ज किए गए। वहीं पर्स झपटमारी के मामलों में जनवरी और फरवरी में कोई घटना दर्ज नहीं हुई, जबकि मार्च और अप्रैल में 2-2 मामले सामने आए। कुल मिलाकर इस श्रेणी में 4 घटनाएं दर्ज की गईं। जनवरी और फरवरी में 3-3 मामले दर्ज हुए, मार्च में 1 तथा अप्रैल में 4 मामले सामने आए। चार महीनों में मोबाइल चोरी के कुल 11 मामले दर्ज किए गए।

आंकड़ों के अनुसार जनवरी से अप्रैल 2026 के बीच झपटमारी और मोबाइल चोरी से जुड़े कुल 24 अपराध दर्ज किए गए और 20 मामलों का खुलासा कर पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया है।

बता दें कि आज सुबह पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और विधायक धरमलाल कौशिक का मोबाइल लूटने वाले आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस की कार्रवाई एक बार फिर चर्चा में है। मॉर्निंग वॉक के दौरान पीडब्ल्यूडी आर्च ब्रिज के नीचे हुई इस घटना के बाद पुलिस ने महज 8 घंटे के भीतर आरोपी मणिकांत ध्रुव को गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल बाइक भी जब्त की गई।

राजधानी के इन इलाकों में लूट की सबसे ज्यादा वारदात

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मोबाइल, सोने की चेन, नकदी और पर्स छीनने की घटनाएं सामने आई हैं। इन वारदातों में पुरानी बस्ती, डीडी नगर, टिकरापारा, गंज, तेलीबांधा, सिविल लाइन, सरस्वती नगर, खम्हारडीह और देवेंद्र नगर जैसे इलाके सबसे ज्यादा प्रभावित रहे।

दर्ज मामलों में कई आरोपी राह चलते लोगों को निशाना बनाकर बाइक से फरार हुए। एक मामले में पुरानी बस्ती क्षेत्र में महिला के गले से डेढ़ लाख रुपये कीमत की सोने की चेन छीनी गई, जबकि दूसरे मामले में युवक से मोबाइल और नकदी लूट ली गई।

टिकरापारा इलाके में भी महिलाओं से चेन स्नैचिंग की कई घटनाएं दर्ज हुईं, जिनमें 80 हजार से लेकर 1.20 लाख रुपये तक कीमत के सोने के जेवर छीने गए। वहीं डीडी नगर क्षेत्र में महिला से 1.25 लाख रुपये कीमत का मंगलसूत्र झपटने की घटना भी सामने आई।

अधिकांश मामलों में आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, अधिकांश मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनसे मोबाइल फोन, सोने की चेन, नकदी, बाइक और अन्य सामान बरामद किया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की मदद से इन मामलों को सुलझाने का दावा किया है।

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट का कहना है कि शहर में झपटमारी और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार निगरानी बढ़ाई जा रही है। संवेदनशील इलाकों में पेट्रोलिंग तेज की गई है और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H