रायपुर। राजधानी रायपुर के गोलबाजार थाना क्षेत्र में रिहायशी मकान के अंदर अवैध रूप से पटाखे बनाने का मामला सामने आया है। गणेश राम नगर में एक फटाका दुकान के ऊपर बने कमरे में दीपावली पर बिक्री के लिए पटाखे तैयार किए जा रहे थे। सूचना मिलने पर कमिश्नरेट पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। मौके से पांच कार्टन तैयार पटाखों के साथ बड़ी मात्रा में अर्धनिर्मित पटाखे और निर्माण में इस्तेमाल होने वाला एल्यूमिनियम पाउडर जब्त किया गया। टीम ने संबंधित कमरे को सील कर दिया है। मामले में दो लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि गणेश राम नगर स्थित शिव शक्ति फटाका दुकान का संचालक दुकान के ऊपर बने अपने आवासीय कमरे में कुछ लोगों को बुलाकर अवैध रूप से पटाखे तैयार करवा रहा है। इन पटाखों को दीपावली के दौरान बिक्री के लिए तैयार किया जा रहा था।

सूचना के बाद एसडीएम रायपुर कार्यालय, नगर निगम के जोनल कमिश्नर और पर्यावरण अधिकारी के कार्यालय की टीम के साथ गोलबाजार पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्णा साहू के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने कमरे की जांच की। इस दौरान वहां ‘TOP TIGER’ नाम से पटाखे तैयार किए जाते मिले।

जांच के दौरान टीम ने पांच कार्टन तैयार पटाखे जब्त किए। इसके अलावा बोरियों और कार्टन में रखे अर्धनिर्मित पटाखे और निर्माण में इस्तेमाल होने वाला एल्यूमिनियम पाउडर भी बरामद हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, जब्त सामग्री पटाखा निर्माण में इस्तेमाल होने वाली लो एक्सप्लोसिव श्रेणी की है। इसके बाद टीम ने उस कमरे को सील कर दिया, जहां पटाखे तैयार किए जा रहे थे।

दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

इस मामले में पुलिस ने श्याम लाल ठाकुर (76), पिता बीएल ठाकुर, निवासी गणेश राम नगर और वर्तमान पता गली नंबर 2, गांधी नगर, अमलीडीह, रायपुर तथा दीपक ठाकुर (57), पिता दशरथ लाल ठाकुर, निवासी कालीनगर, पंडरी, रायपुर को आरोपी बनाया है।

दोनों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम, 1884 की धारा 9B(1)(a) और भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 288 के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

रिहायशी इलाकों में पटाखे बनाने से बचने की अपील

इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घरों और रिहायशी इलाकों में अवैध रूप से पटाखों का निर्माण या भंडारण न करें। ऐसी गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें। दीपावली के दौरान पटाखों के सुरक्षित इस्तेमाल और आसपास रहने वाले लोगों की सुरक्षा का ध्यान रखने की भी अपील की गई है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H