रायपुर। राजधानी रायपुर में सूने मकान को निशाना बनाकर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया है। खमतराई थाना क्षेत्र के रावांभाठा स्थित बंजारी नगर में अज्ञात चोरों ने इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबारी के घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये की नकदी और सोने-चांदी के जेवरात पार कर दिए। परिवार के साथ पैतृक गांव गए कारोबारी जब वापस लौटा तो घर का ताला टूटा मिला और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। शिकायत के बाद खमतराई पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मामला रावांभाठा के बंजारी नगर स्थित शुक्रवारी बाजार का है। यहां रहने वाले सीताराम गुप्ता के मकान के भूतल पर ‘केशरवानी इलेक्ट्रॉनिक्स’ नाम से दुकान संचालित होती है। दुकान में कूलर, आलमारी समेत इलेक्ट्रॉनिक्स और घरेलू सामान की बिक्री की जाती है।

जानकारी के मुताबिक, सीताराम गुप्ता 19 अक्टूबर की दोपहर मकान में ताला लगाकर परिवार के साथ अपने पैतृक गांव खटखरी, थाना शाहपुर, जिला मऊगंज/रीवा (मध्य प्रदेश) नवरात्रि मनाने गए थे। 2 नवंबर को दोपहर करीब 2 बजे जब परिवार वापस लौटा तो घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला।

अंदर जाकर देखने पर कमरे में रखी आलमारी का लॉक भी टूटा हुआ था और सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी गायब मिले।

सोने-चांदी के जेवरात के साथ 5 से 8 लाख रुपये नकद भी गायब

चोरों ने घर में रखे सोने-चांदी के कई आभूषणों के साथ नकदी पर भी हाथ साफ किया है। पीड़ित के मुताबिक, चोरी गए सामान में करीब 7 से 8 तोला सोने के आभूषण, लगभग 2 किलो चांदी के जेवर और 5 से 8 लाख रुपये नकद शामिल हैं।

चोरी गए सामान का विवरण इस प्रकार है:

सोने के आभूषण (करीब 7-8 तोला)

2.5 तोला मंगलसूत्र, 1 तोला मनचली, 1.5 तोला हार, 1 तोला झुमकी, 1 तोला अंगूठी

चांदी के जेवर (करीब 2 किलोग्राम):

750 ग्राम करधन, 250 ग्राम अधकमरी, 300 ग्राम पायल, 300 ग्राम छागल, 250 ग्राम छोटी पायल, 50 ग्राम बिछिया, करीब 200 ग्राम बच्चे की पायल और करधन

नकदी रकम: करीब 5 से 8 लाख रुपये।

पीड़ित के अनुसार, नकदी में से 4 लाख रुपये उनके दिवंगत बेटे की डैम में डूबने से हुई मौत के बाद मिली सहायता राशि के थे। बाकी रकम कारोबार से जुड़ी बताई गई है।

प्राथमिकी और पुलिस रिकॉर्ड में चोरी गई संपत्ति का शुरुआती मूल्यांकन 7.50 लाख रुपये से अधिक दर्ज किया गया है। हालांकि, पीड़ित के बताए गए जेवरात और नकदी की मात्रा के आधार पर कुल नुकसान का वास्तविक आकलन अलग हो सकता है।

खमतराई पुलिस ने दर्ज किया मामला, CCTV फुटेज खंगाले जा रहे

घटना के बाद सीताराम गुप्ता ने खमतराई थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 331(4) और धारा 305 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।

मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक (ASI) रखलाल भारती कर रहे हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। फिलहाल चोरी की इस वारदात में शामिल आरोपियों का पता नहीं चल पाया है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H