सुप्रिया पाण्डेय, रायपुर. ग्रेच्युटी, वेतन विसंगति और लंबित भुगतान की मांग को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश 108-102 कर्मचारी संघ ने बुधवार को राजधानी रायपुर में जय अंबे इमरजेंसी सर्विस प्राइवेट लिमिटेड के मुख्य कार्यालय का घेराव किया. कर्मचारियों ने अवंती विहार स्थित ग्लोबल टावर में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है. संघ का कहना है कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा.

संघ के अनुसार, जय अंबे इमरजेंसी सर्विस प्राइवेट लिमिटेड ने सितंबर 2019 से मार्च 2026 तक छत्तीसगढ़ में 108 संजीवनी एक्सप्रेस सेवा का संचालन किया था. टेंडर खत्म होने के बाद कर्मचारियों की ग्रेच्युटी और बकाया वेतन का भुगतान नहीं किया गया है. कर्मचारियों का दावा है कि छह महीने बीतने के बाद भी उन्हें उनका भुगतान नहीं मिला है.

कर्मचारियों ने बताया कि इससे पहले 24 अगस्त को कंपनी के प्रधान कार्यालय में एक दिवसीय घेराव और धरना प्रदर्शन किया गया था. उस दौरान कंपनी की ओर से लिखित आश्वासन दिया गया था कि 10 कार्य दिवस में उपस्थित कर्मचारियों और 30 कार्य दिवस में सभी कर्मचारियों की ग्रेच्युटी के साथ  वेतन विसंगति का भुगतान कर दिया जाएगा.  संघ का आरोप है कि तय समय बीतने के बावजूद आश्वासन के अनुसार भुगतान नहीं किया गया.

संघ ने 30 सितंबर को कंपनी और स्वास्थ्य विभाग को दोबारा चेतावनी पत्र भी दिया था. 6 अक्टूबर की मध्यरात्रि तक कोई सकारात्मक पहल नहीं होने के बाद 7 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन घेराव और धरना शुरू किया गया है. कर्मचारियों ने लंबित ग्रेच्युटी, वेतन और कटौती की राशि का भुगतान जल्द करने की मांग की है.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H