शिवम मिश्रा, रायपुर। राजधानी रायपुर की VIP सिटी सड्डू के सेक्टर-6 में पुलिस विभाग के ASI के सूने मकान को चोरों ने निशाना बनाया। चोर घर से करीब 5 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और 85 हजार रुपये नकद, यानी कुल करीब 5.85 लाख रुपये का सामान लेकर फरार हो गए।

मकान रक्षित केंद्र में पदस्थ ASI नागेंद्र सिंह का बताया जा रहा है। वह किसी काम से पटना गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने सूने मकान में प्रवेश किया और चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

चोरी का तरीका भी पुलिस के लिए अहम माना जा रहा है। घर में लगे CCTV कैमरे की दिशा पहले आसमान की ओर घुमा दी गई, ताकि वारदात कैमरे में रिकॉर्ड न हो सके। इसके बाद चोरों ने घर के अंदर पहुंचकर आलमारी को निशाना बनाया।

बताया जा रहा है कि चोरों ने बेडरूम और ऊपर बने कमरे की आलमारी के ताले तोड़े। इसके बाद उनमें रखे सोने-चांदी के जेवर और नकदी लेकर फरार हो गए।

ASI नागेंद्र सिंह जब पटना से वापस लौटे तो घर के ताले टूटे देखकर चोरी की जानकारी हुई। अंदर जाकर देखने पर आलमारी के ताले भी टूटे मिले और सामान गायब था। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरु की जांच

घटना की जानकारी मिलने के बाद विधानसभा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ ही संदिग्धों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।

फिलहाल पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। CCTV कैमरे की दिशा बदलने और घर के अंदर की आलमारियों को चुनकर निशाना बनाने से पुलिस चोरी में शामिल लोगों की गतिविधियों की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H