सुप्रिया पांडेय, रायपुर। राजधानी रायपुर में विजयादशमी की तैयारी जोर-शोर से शुरू हो चुकी है। इस बार डब्ल्यूआरएस कॉलोनी स्थित दशहरा मैदान में 101 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। रावण दहन के साथ होने वाली भव्य आतिशबाजी आकर्षण का केंद्र रहेगा। आयोजन में करीब 5 लाख लोगों के पहुंचने की संभावना है।

    डब्ल्यूआरएस मैदान में होने वाला दशहरा उत्सव राजधानी की प्रमुख सांस्कृतिक परंपराओं में शामिल है। आयोजन को लेकर विधायक पुरंदर मिश्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इस बार 101 फीट ऊंचे रावण के दहन को देखने के लिए लगभग 5 लाख लोगों के जुटने की उम्मीद है। आयोजन में राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल और महापौर मीनल चौबे सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।

    असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक है दशहरा : पुरंदर मिश्रा

    विधायक पुरंदर मिश्रा ने बताया, लाखों लोगों की संभावित उपस्थिति को देखते हुए पार्किंग, यातायात, पेयजल, साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। भीड़ प्रबंधन के साथ चिकित्सा सहायता और अग्निशमन सेवाओं की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने पर जोर रहेगा। दशहरा केवल रावण दहन का आयोजन नहीं, बल्कि बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक है।

    Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
    https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H