Rais Khan BJP Join Controversy: जयपुर नगर निगम में बोर्ड गठन को लेकर चल रही सियासी जोड़-तोड़ के बीच वार्ड नंबर 109 के निर्दलीय पार्षद मोहम्मद रईस खान को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। भाजपा ने गुरुवार शाम उनकी पार्टी में शामिल होने की तस्वीरें जारी कीं और प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने सदस्यता दिलाने का दावा किया। कुछ घंटे बाद ही रईस खान ने इसे गलत और भ्रामक बताते हुए कहा कि वे कांग्रेस से जुड़े हैं और कांग्रेस में ही रहेंगे।

BJP ने तस्वीरें जारी कर सदस्यता का दावा किया

भाजपा की ओर से जारी तस्वीरों में मोहम्मद रईस खान भाजपा का दुपट्टा पहने नजर आए। पार्टी की ओर से कहा गया कि वार्ड 109 के निर्दलीय पार्षद भाजपा में शामिल हो गए हैं। प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने उन्हें भाजपा का दुपट्टा पहनाकर सदस्यता दिलाने का दावा किया। राठौड़ ने इस मौके पर कहा कि पार्टी का कुनबा बढ़ रहा है। भाजपा की ओर से इन तस्वीरों को सोशल मीडिया पर भी साझा किया गया।

रईस खान बोले- मैं कांग्रेस के साथ हूं

तस्वीरें सामने आने के कुछ घंटे बाद मोहम्मद रईस खान ने कांग्रेस का दुपट्टा गले में डालकर सोशल मीडिया पर अपना वीडियो जारी किया। उन्होंने कहा कि वे कांग्रेस विचारधारा से जुड़े हैं और कांग्रेस में ही रहेंगे। रईस खान के मुताबिक, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने उन्हें शुभकामनाएं देने के लिए बुलाया था। इस दौरान भाजपा में शामिल होने का ऑफर भी दिया गया, लेकिन उन्होंने पार्टी की सदस्यता नहीं ली। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा प्रदेशाध्यक्ष से उनकी मुलाकात सिर्फ शिष्टाचार भेंट थी। उनका आरोप है कि मुलाकात के दौरान भाजपा का दुपट्टा पहनाकर तस्वीर को पार्टी में शामिल होने के तौर पर प्रचारित किया गया।

मदन राठौड़ ने वीडियो को बताया फेक

दूसरी ओर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने रईस खान के वीडियो को फेक बताया है। राठौड़ का दावा है कि रईस खान भाजपा के साथ हैं। मदन राठौड़ के मुताबिक, शुक्रवार सुबह भी मोहम्मद रईस खान ने उनसे मुलाकात की थी। उन्होंने बताया कि मुलाकात के बाद रईस खान अजमेर दरगाह के लिए रवाना हुए। इस तरह एक ही घटनाक्रम को लेकर भाजपा और मोहम्मद रईस खान की ओर से अलग-अलग दावे सामने आए हैं।

जयपुर नगर निगम में निर्दलीयों की भूमिका चर्चा में

निकाय चुनाव के बाद जयपुर नगर निगम में निर्दलीय पार्षदों को साधने की कोशिशों को लेकर सियासी हलचल तेज है। 150 वार्डों के चुनाव में पहले भाजपा ने 78, कांग्रेस ने 53 और निर्दलीयों ने 15 सीटों पर जीत दर्ज की थी। चार वार्डों में पुनर्मतदान के बाद कांग्रेस की संख्या 57 हो गई, जबकि भाजपा के पास 78 सीटें हैं। इसके बावजूद निर्दलीय पार्षदों से संपर्क का सिलसिला चर्चा में है। वार्ड नंबर 109 से मोहम्मद रईस खान ने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव जीता था। उन्हें 5,150 वोट मिले थे और उन्होंने 558 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की थी।

पढ़ें ये खबरें