रायसेन। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। जिले की सिलवानी तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम पुदर सलैया में जहरीले रतनजोत के बीज/पौधे का सेवन करने से करीब 17 बच्चों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। इस घटना के बाद से बच्चों के परिजनों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया है।
पेट दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती
बताया जा रहा है कि स्कूल के पास ही रतनजोत के पौधे लगे हुए हैं। बच्चों ने गलती से इसके बीज या हिस्से का सेवन कर लिया, जिसके कुछ ही देर बाद उन्हें तेज पेट दर्द, उल्टी और घबराहट की शिकायत होने लगी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत 108 एंबुलेंस की मदद ली गई। एंबुलेंस और अन्य माध्यमों से 15 बच्चों को तुरंत सिविल अस्पताल सिलवानी लाया गया, जहाँ डॉक्टरों की टीम ने तत्काल प्रभाव से उनका प्राथमिक उपचार शुरू किया। वहीं, अन्य दो बच्चों का इलाज प्रतापगढ़ में किए जाने की जानकारी मिली है।
सभी बच्चे खतरे से बाहर
सिविल अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद डॉ. राहुल धाकड़ ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि फिलहाल अस्पताल में भर्ती कराए गए सभी बच्चों की स्थिति पूरी तरह से ठीक और नियंत्रण में है। बच्चों को डॉक्टरों की देखरेख में प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और उपचार के बाद ही यह तय किया जाएगा कि किसी बच्चे को आगे रेफर करने की आवश्यकता है या नहीं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

