राकेश चतुर्वेदी, भोपाल/ रायसेन। रायसेन जिले से 120 किलोमीटर दूर बसे उदयपुरा में एक शख्स को कुदरत ने एक नहीं, बल्कि दो-दो अनोखी कलाओं से नवाजा है। एक ओर वे साधारण माटी को नाखून से रगड़कर मोती जैसी चमक दे देते हैं, तो दूसरी ओर अपने नाखून को आईने की तरह चमका देते हैं, जिसमें आप किसी की भी छवि देख सकते हैं।

रायसेन जिले के प्रतिष्ठित व्यवसायी संदीप रघुवंशी ने अपने अनोखे हुनर का प्रदर्शन किया है। चार वर्ल्ड और नेशनल रिकॉर्ड्स के बाद अब उनकी तैयारी गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में नाम दर्ज कराने की है। संदीप के हाथों की तर्जनी उंगली में तीन की जगह चार पोर होने की दुर्लभ शारीरिक संरचना भी चर्चा का विषय है।

यूं तो संदीप रघुवंशी किसान परिवार से जुड़े व्यापारी हैं, लेकिन उन्हें कुदरत ने अनोखी कलाओं से नवाजा है। इनमें एक है उनके नाखूनों का अनोखा हुनर और दूसरी है उनकी उंगली की दुर्लभ बनावट। दावा है कि उनके नाखूनों पर किसी तरह के केमिकल का इस्तेमाल नहीं होता, फिर भी वे इतने चिकने और चमकदार हैं कि उनमें टीवी से लेकर अपना चेहरा तक देखा जा सकता है। साधारण खेत की मिट्टी को महज दो मिनट तक नाखून से रगड़कर आईने जैसी चमका देने और उससे चमकदार नग व रंगीन कलाकृतियां बनाने का उनका हुनर लोगों को हैरान कर देता है। 

संदीप का दावा है कि धूप में उनके नाखून असली आईने की तरह प्रतिबिंब दिखाते हैं और चेहरे से लेकर पीछे के दृश्य तक को रिफ्लेक्ट कर सकते हैं। इस अनोखी कला से जुड़ा पेटेंट होने की भी जानकारी दी गई है, जिसके जरिए ब्यूटीशियनों को रॉयल्टी का अधिकार मिलने की बात कही जा रही है

संदीप रघुवंशी अपने अनोखे हुनर के चलते पहले भी लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स के जरिए मध्यप्रदेश का नाम रोशन कर चुके हैं। वहीं, वे इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, नेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, इंटरनेशनल वर्ल्ड रिकॉर्ड्स और ग्लोबल वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में भी अपना नाम दर्ज करा चुके हैं। 

संदीप रघुवंशी ने बताया कि इन रिकॉर्ड्स में सफलता हासिल करने के बाद अब उनका अगला लक्ष्य दुनिया की प्रतिष्ठित संस्था गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज कराना है। नाखूनों के अनोखे हुनर के साथ-साथ उनके हाथों की एक और दुर्लभ शारीरिक विशेषता भी चर्चा में है। उनके दाहिने हाथ की सबसे छोटी उंगली में तीन की जगह चार पोर हैं। यह दुर्लभ शारीरिक संरचना लोगों के बीच कौतूहल का विषय बनी हुई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m